Indian Idol 16 Winner: ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक के सिर सजा ‘इंडियन आइडल 16’ का ताज, कैंसर मरीजों के लिए गाती थीं गाना

Indian Idol 16 Winner: ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक के सिर सजा ‘इंडियन आइडल 16’ का ताज, कैंसर मरीजों के लिए गाती थीं गाना

Indian Idol 16 Winner Name: ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने 'इंडियन आइडल 16' का खिताब जीता है.जानें कैंसर मरीजों को म्यूजिक थेरेपी देने से लेकर विनर बनने तक की उनकी प्रेरणादायक कहानी.

Indian Idol 16 Winner Name: सोनी टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल सीजन 16’ को आखिरकार अपनी नई विनर मिल गई है. महीनों के कड़े मुकाबले, मुश्किल ऑडिशन्स और एक से बढ़कर एक परफॉर्मेंस के बाद ओडिशा की रहने वाली ज्योतिर्मयी नायक ने ‘इंडियन आइडल 16’ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. ‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम वाले इस सीजन के धमाकेदार ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी ने अपने पांच तगड़े कॉम्पिटिटर्स अंशिका चोनकर, मनराज वीर सिंह, मायसिमे बसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक जीत हासिल की. उन्हें चमचमाती ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये और सोनी टीवी की तरफ से सिंगिंग कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जिसके तहत वो उनके म्यूजिक कॉन्सर्ट में परफॉर्म करेंगी.

ग्रैंड फिनाले की शाम ज्योतिर्मयी ने स्टेज पर आते ही ‘सैयां ओ सैयां’ गाने पर अपनी जादुई आवाज से समां बांध दिया. उनकी इस परफॉर्मेंस पर जज से लेकर वहां मौजूद हर खास मेहमान झूमने पर मजबूर हो गया. पूरे सीजन में ज्योतिर्मयी ने अपनी गायकी से कई दिग्गजों का दिल जीता. शो में जब बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी आईं, तो ज्योतिर्मयी के गाने ‘ओ जब तक है जान’ पर उन्होंने खड़े होकर स्टैंडिंग ओवेशन दिया था. वहीं, मशहूर एक्ट्रेस लीना चंदावरकर ज्योतिर्मयी की आवाज में ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ सुनकर इतनी भावुक हो गई थीं कि उन्होंने इस गाने को दोबारा सुनने की ख्वाहिश जताई थी.

कैंसर मरीजों को ‘म्यूजिक थेरेपी’ देने से ‘इंडियन आइडल’ की ट्रॉफी तक!

ओडिया म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकीं ज्योतिर्मयी की कहानी सिर्फ एक सिंगर की नहीं, बल्कि एक हीलर की भी है. इंडियन आइडल के मंच पर कदम रखने से पहले ज्योतिर्मयी कैंसर के मरीजों के लिए गाना गाकर उन्हें ‘म्यूजिक थेरेपी’ देने का काम करती थीं. अपनी सुरीली आवाज से मरीजों का दर्द कम करने वाली इस सिंगर को जब आज देश ने विनर बनाया, तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े. जीत के बाद क्या बोलीं ज्योतिर्मयी नायक?

ट्रॉफी हाथ में थामते ही ज्योतिर्मयी बेहद भावुक नजर आईं. उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ की खास बातचीत में कहा, “इंडियन आइडल 16 का खिताब जीतना किसी सपने जैसा लग रहा है. सिर्फ एक सपना लेकर ऑडिशन में आने से लेकर विनर बनने तक का यह सफर मेरी जिंदगी बदलने वाला रहा है. यह ट्रॉफी सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे वोट दिया. मैं आगे भी ऐसा म्यूजिक बनाती रहूंगी जो सीधा दिलों को छुए.”

सितारों से सजी रही फिनाले नाइट

‘इंडियन आइडल 16’ का ग्रैंड फिनाले बेहद ग्रैंड और स्टार-स्टडेड रहा. शो के जज श्रेया घोषाल और बादशाह के साथ-साथ संगीत जगत की दिग्गज हस्तियों उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज़ गिल और उर्मिला मातोंडकर ने फिनाले नाइट में अपनी मौजूदगी से चार चांद लगा दिए.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More