W,W,W… फाइनल में पाकिस्तानी बॉलर की हैट्रिक, Asia Cup से पहले अफगानिस्तान को किया ध्वस्त

W,W,W… फाइनल में पाकिस्तानी बॉलर की हैट्रिक, Asia Cup से पहले अफगानिस्तान को किया ध्वस्त

एशिया कप 2025 से पहले UAE में ही पाकिस्तानी टीम टी20 सीरीज में हिस्सा ले रही थी, जिसके फाइनल में उसका सामना अफगानिस्तान से हुआ. इस पूरे टूर्नामेंट में नवाज ने दमदार गेंदबाजी की थी और फाइनल में हैट्रिक लेकर इसे और शानदार बना दिया.

एशिया कप 2025 से ठीक पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने अपनी स्पिन का कहर बरपा दिया. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 ट्राई-नेशन सीरीज के फाइनल में बाएं हाथ के स्पिनर नवाज ने हैट्रिक लेकर तहलका मचा दिया. नवाज ने इस मैच में अपनी शुरुआती 7 गेंदों में ही ये हैट्रिक ली और अफगानिस्तानी बल्लेबाजी को घुटनों पर ले आए. इसके साथ ही वो टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले तीसरे पाकिस्तानी गेंदबाज भी बन गए. इसके दम पर पाकिस्तान ने 75 रन से मैच जीतते हुए ट्रॉफी पर कब्जा किया.

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मेजबान UAE, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एशिया कप की तैयारियों के लिए टी20 सीरीज खेली जा रही थी. रविवार 7 दिसंबर को शारजाह में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच इसका फाइनल खेला गया, जिसमें पहले तो पाकिस्तान ने किसी तरह मुकाबले लायक स्कोर बनाया और फिर नवाज ने अपनी स्पिन के जाल में एक-एक कर अफगानिस्तानी बल्लेबाजों को फंसा दिया.

हैट्रिक लेने वाले तीसरे पाकिस्तानी

इस टूर्नामेंट में लगातार अच्छी गेंदबाजी कर रहे नवाज ने फाइनल में भी यही सिलसिला जारी रखा. छठे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए नवाज ने शुरुआती 4 गेंदों में सिर्फ 1 रन दिया और फिर आखिरी 2 गेंदों पर लगातार 2 विकेट झटक लिए. उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर दरविश रसूली को आउट किया और फिर अगली गेंद पर अज्मतुल्लाह ओमरजाई को पवेलियन लौटा दिया. ऐसे में वो हैट्रिक के करीब थे और अगले ओवर में जब बॉलिंग के लिए आए तो उनके सामने ये कमाल करने का मौका था.