छात्रों की जीत पर रवीना टंडन को गर्व, हिंसा पर बोलीं- गुंडों और राजनीतिक पार्टियों ने हाइजैक किया था
Raveena Tandon On Student Protest: दिल्ली के जंतर मंतर पर एक महीने से ज्यादा तक चले छात्रों के प्रदर्शन के बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया. सरकार ने छात्रों की सभी मांगे मान ली. इसके बाद आम लोगों के साथ साथ सेलिब्रिटीज़ भी इस जीत पर खुशी मना रहे हैं. रवीना टंडन ने भी रिएक्ट किया है.
Raveena Tandon On Student Protest: जंतर मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद आखिरकार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा. इस आंदोलन के समर्थन में देशभर में कई जगह प्रोटेस्ट हुए. कई सेलिब्रिटीज़ ने छात्रों के प्रोटेस्ट को सपोर्ट भी किया. अब जब छात्रों की मांगें मान ली गईं और शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया तो उसके बाद भी कई सेलिब्रिटीज़ के रिएक्शन आ रहे हैं. अब एक्ट्रेस रवीना टंडन ने इस मामले में अपनी बात रखी है. उन्होंने छात्रों की जीत पर खुशी जताई. साथ ही ये भी कहा कि कुछ राज्यों में छात्रों के आंदोलन को गुंडो और राजनीतिक दलों ने हाइजैक कर लिया था.
इंस्टाग्राम रवीना टंडन ने अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए रविवार को लिखा, “मुझे खुशी और गर्व है कि आवाजों को आखिरकार सुना गया. स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट और ऋषिकेश प्रोटेस्ट, और इसमें उम्मीद है. अब तक पर्यावरण, जंगली जानवरों, वन्यजीव संरक्षण और जंगलों की कटाई के खिलाफ होने वाले आंदोलन बिना किसी नतीजे के खत्म हो जाते थे और हार का सामना करना पड़ता था. लेकिन अब लोग जाग रहे हैं. आने वाली पीढ़ियों को ये समझना होगा कि हमारे पास यही एक ग्रह है. कोई दूसरी पृथ्वी नहीं है. यही हमारी दुनिया है. और इसी को हमें अपने बच्चों के भविष्य के लिए बचाना है.”
View this post on Instagram
“कुछ जगह शांतिपूर्ण आंदोलनों को हाइजैक किया”
रवीना टंडन आगे लिखती हैं, “मिजोरम और अन्य प्रदेशों में हुए शांतिपूर्ण आंदोलनों ने हमारे सामने उदाहरण पेश किए हैं. उन्हें सलाम है. ये दुखद है कि कुछ राज्यों में शांतिपूर्ण छात्र आदोलनों को गुंडों और राजनीतिक पार्टियों ने हाइजैक कर लिया था. और कुछ वहां इसलिए थे ताकि रील्स बना सकें और लाइमलाइमट लूट सकें. अंत में, ये सही मांगों की जीत थी. हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना पक्का कुछ शरारती तत्वों का काम था. जो स्टूडेंट नहीं थे वो आंदोलन को पटरी से उतार सकते थे. फिर भी, इस सबके बाद उम्मीद है और दुआ है कि हमारी शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आए, सरकारी स्कूलों तक में भ्रष्टाचार खत्म हो और सबको आसानी से शिक्षा मिले.”
“जब पढ़ेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया”
पोस्ट के अंत में रवीना ने शिक्षा पर जोर देने की बात कही और लिखा, “मैं अपनी अभिव्यक्ति की आजादी का इस्तेमाल कर रही हूं. आपकी राय अलग हो सकती है, लेकिन मैं उसका भी सम्मान करती हूं. जब पढ़ेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया. जय हिंद. जय हिंद की जनता अवाम.”




