BAN vs AFG: बांग्लादेश की एशिया कप में दूसरी जीत, अफगानिस्तान को पहली बार दी ऐसी हार

BAN vs AFG: बांग्लादेश की एशिया कप में दूसरी जीत, अफगानिस्तान को पहली बार दी ऐसी हार

Asia Cup 2025: बांग्लादेश की ग्रुप स्टेज में ये दूसरी जीत है, जबकि एक मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है. वहीं अफगानिस्तान को 2 मैच में पहली हार मिली है और अब आखिरी मैच में उसका सामना श्रीलंका से होगा.

एशिया कप 2025 के 9वें मैच में एक जबरदस्त नतीजा देखने को मिला, जहां ग्रुप बी में बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को 8 रन से हरा दिया. टूर्नामेंट के सुपर-4 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखने की उम्मीद के साथ अपने आखिरी मैच में उतरी बांग्लादेश ने उसी तरह का प्रदर्शन भी किया और ज्यादा मजबूत मानी जा रही अफगानिस्तान को हराते हुए ग्रुप-बी में सुपर-4 की रेस को जिंदा रखा. ओपनर तंजीद हसन के तेज अर्धशतक और नसुम अहमद, रिशाद होसैन और मुस्तफिजुर रहमान की घातक गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश ने ये मैच अपने नाम किया.

अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में मंगलवार 16 सितंबर की शाम को ग्रुप बी के इस मुकाबले पर सिर्फ बांग्लादेश और अफगानिस्तान ही नहीं, बल्कि श्रीलंका के फैंस की भी नजरें थीं. इस मैच के नतीजे पर ये निर्भर करना था कि क्या सुपर-4 में जाने वाली टीम का फैसला आखिरी मैच से होगा या इसी मुकाबले से स्थिति साफ हो जाएगी.

बांग्लादेश के कप्तान लिट्टन दास ने पहले बैटिंग का फैसला किया और उसके ओपनर्स, सैफ हसन (30) और तंजीद हसन, ने धीमी शुरुआत के बाद रन की रफ्तार बढ़ा दी. खास तौर पर बाएं हाथ के ओपनर तंजीद हसन ने अफगान गेंदबाजों की धुनाई की और पावरप्ले में ही टीम ने बिना विकेट गंवाए 59 रन बना दिए. हालांकि इसके बाद रफ्तार धीरे-धीरे धीमी होती गई, जिसमें कप्तान लिट्टन दास का जल्दी आउट होना भी एक वजह रहा. मगर तंजीद ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. तंजीद (52) के आउट होते ही बांग्लादेश के रनरेट पर ब्रेक लग गया और किसी तरह टीम 154 रन के स्कोर तक पहुंच पाई. अफगानिस्तान के लिए कप्तान राशिद खान और नूर अहमद ने 2-2 विकेट लिए.