रूस-यूक्रेन महाजंग के बीच राहत: मानवीय मिशन के लिए 27 अक्टूबर से थमेगा संघर्ष

रूस-यूक्रेन महाजंग के बीच राहत: मानवीय मिशन के लिए 27 अक्टूबर से थमेगा संघर्ष

रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम को लेकर लंबे समय बाद सहमति बन गई है. बातचीत की प्रक्रिया से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार यह संघर्ष विराम 27 अक्टूबर से प्रभावी होगा.

अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के नेतृत्व वाले एक मानवीय मिशन के तहत रूस और यूक्रेन के बीच दक्षिणी यूक्रेन के ओलेश्की (Oleshky) शहर में स्थानीय युद्धविराम को लेकर एक बड़ा समझौता हुआ है. यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार दिमित्रो लुबिनेट्स ने बताया कि यह युद्धविराम आगामी मंगलवार (27 अक्टूबर) सुबह 4 बजे (मॉस्को समयानुसार) से शुरू होगा. यह मिशन की शुरुआत से दो दिन पहले लागू होगा और कई दिनों तक जारी रहेगा.

शुक्रवार को यूक्रेन, रूस और अमेरिका के वार्ताकारों के बीच हुए इस समझौते का मुख्य उद्देश्य रूसी कब्जे वाले ओलेशकी शहर में फंसी आम जनता तक भोजन, दवाइयां और जरूरी मानवीय सहायता पहुंचाना तथा वहां से नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालना है.

व्हाइट हाउस के अनुसार, मेलानिया ट्रंप ने पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान इस गंभीर स्थिति को जानने के बाद सीधे रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत शुरू की थी. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इस पहल के लिए फर्स्ट लेडी का आभार जताया है और पुष्टि की है कि राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में इस पर चर्चा की थी.

बारूदी सुरंगें हटाने से होगी शुरुआत

दिमित्रो लुबिनेट्स ने बताया कि यह अभियान बेहद संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण है, जिसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. सहायता काफिले के प्रवेश और नागरिकों की सुरक्षित निकासी से पहले ओलेशकी के रास्तों पर बिछी बारूदी सुरंगों (माइंस) को हटाया जाएगा. रूस के जनरल स्टाफ के प्रमुख, जनरल वालेरी गेरासिमोव ने भी पुष्टि की है कि रूसी सेना मंगलवार से खेरसॉन क्षेत्र में युद्धविराम करेगी और सुरक्षित रास्ते के लिए ‘इंजीनियरिंग टोह’ (इलाके की जांच) करेगी. रूस की मानवाधिकार लोकपाल याना लांत्रतोवा ने कहा कि युद्ध क्षेत्र से बाहर जाने के इच्छुक लोगों को सुरक्षित रास्ता देना उनकी प्राथमिकता है.

बच्चों को बचाना और परिवारों को मिलाना मुख्य लक्ष्य

मेलानिया ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार मार्क बेकमैन के अनुसार, यह युद्धविराम उनके उस व्यापक मिशन का हिस्सा है, जिसके तहत वह युद्ध के कारण बिछड़ गए रूसी और यूक्रेनी बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने का प्रयास कर रही हैं. वह अब तक करीब तीन दर्जन बच्चों को उनके परिवारों से मिला चुकी हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि फर्स्ट लेडी का मुख्य ध्यान और लक्ष्य बच्चों को सुरक्षित बचाना है.

वाशिंगटन-कीव के बीच तनाव के बीच समझौता

यह मानवीय समझौता एक ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप प्रशासन और यूक्रेन की सरकार के बीच तनाव बढ़ा हुआ है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हडसन इंस्टीट्यूट में एक ऑनलाइन संबोधन के दौरान ओलेशकी युद्धविराम का सीधा जिक्र तो नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि एलन मस्क के ‘स्टारशील्ड’ और ‘स्टारलिंक’ सैटेलाइट इंटरनेट की स्पीड पर लगी पाबंदियां और अमेरिकी पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर की रोक अभी भी जारी है. हालांकि, उन्होंने युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका की कूटनीतिक भूमिका को अहम बताया है.

ओलेशकी में बदतर हुए हालात

निप्रो नदी के किनारे बसा ओलेशकी शहर फरवरी 2022 में रूसी हमले के पहले ही दिन से मॉस्को के नियंत्रण में है. जून 2023 में काखोव्का बांध विस्फोट के बाद आई बाढ़ से इस शहर को भारी नुकसान पहुंचा था. वर्तमान में यहां न तो बिजली है, न पानी की सप्लाई और न ही हीटिंग की व्यवस्था है. भीषण सर्दी की शुरुआत से ठीक पहले यहां बचे हुए नागरिकों के सामने भूख और बीमारी से मौत का खतरा मंडरा रहा है, जिसके चलते इस स्थानीय युद्धविराम को बेहद जीवनदायी माना जा रहा है.

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More