बादशाह संग शादी को लेकर छलका ईशा रिखी का दर्द, कहा- ‘मुझे लगा जैसे मेरे साथ धोखा हुआ’
ईशा रिखी बादशाह से अलग हो गई हैं. इस बात की जानकारी एक्ट्रेस ने खुद दी थी. अब वो बिग बॉस 20 में भी नजर आने वाली हैं. इस बीच एक्ट्रेस ने बादशाह संग अपनी शादी को लेकर कई खुलासे किए हैं.
रैपर और सिंगर बादशाह की एक्स वाइफ ईशा रिखी इस वक्त चर्चा में बनी हुई हैं. ईशा और बादशाह ने ऑफिशियली अपने तलाक का ऐलान कर दिया है. इसके बाद से ही ईशा लगातार चर्चा में बनी हुई हैं. वहीं, खबरों के मुताबिक ईशा बिग बॉस 20 में भी नजर आने वाले हैं. उनकी एंट्री का प्रोमो भी सामने आ चुका है. प्रोमो में ईशा अपने और बादशाह के रिश्ते के बारे में बताती नजर आई हैं. उनके मुताबिक, वो दौर उनके लिए काफी मुश्किल रहा है और बादशाह संग शादी में उन्होंने खुद को ठगा हुआ पाया.
उन्होंने बताया कि उन्होंने जानबूझकर अपनी निजी जिंदगी को लोगों की नजरों से दूर रखा था, लेकिन एक समय ऐसा आया जब वह खुद से सवाल करने लगीं कि आखिर रिश्ते में ऐसा क्या गलत हो गया. बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते को लेकर मार्च में उस वक्त चर्चाएं तेज हो गई थीं, जब ईशा की मां पूनम रिखी ने इंस्टाग्राम पर उनकी शादी की कुछ निजी तस्वीरें शेयर की थीं. इस बीच ईशा कुछ और खुलासे किए हैं. चलिए जानते हैं उनके बारे में.
ये भी पढ़ें: 2000 के बाद रोमांटिक गानों में रूहानियत भरने वाला गीतकार, जिनके बोलों में पंजाबी-हिंदी मिक्स का फॉर्मुला आज भी है हिट
बादशाह से अलग होने पर पहली बार बोलीं ईशा
बिग बॉस 20 के प्रीमियर से पहले ईशा ने ETimes से बातचीत में बताया कि अपनी निजी जिंदगी के बारे में चुप रहना उनका सोच-समझकर लिया गया फैसला था. वह नहीं चाहती थीं कि दो लोगों के बीच जो कुछ हुआ, वह सबके सामने तमाशा बन जाए.ईशा ने उस दौर को बेहद मुश्किल बताते हुए कहा कि वह बार-बार खुद से सवाल करती थीं कि आखिर उन्होंने क्या गलत किया. उनका कहना है कि वह उस इंसान और अपने रिश्ते दोनों को बचाने की कोशिश कर रही थीं. यही वजह थी कि उन्होंने अपने रिश्ते की परेशानियों के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने से हमेशा दूरी बनाए रखी.
View this post on Instagram
शादी की तस्वीरें सामने आने पर मां से हुआ था झगड़ा
ईशा ने अपनी मां द्वारा शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने को लेकर भी बात की थी. उन्होंने बताया कि तस्वीरें सार्वजनिक करने को लेकर उनकी अपनी मां से कई बार बहस हुई थी, क्योंकि वह खुद कभी इन तस्वीरों को लोगों के सामने नहीं लाना चाहती थीं. हालांकि, बाद में ईशा ने यह मान लिया कि जो हुआ, वह उनके हाथ में नहीं था और शायद उसके पीछे कोई वजह थी.
जब ईशा से सीधे पूछा गया कि क्या उन्हें इस रिश्ते में खुद को ठगा हुआ महसूस हुआ, तो उन्होंने जवाब दिया, “क्या मुझे ठगा हुआ महसूस हुआ? मैं कहूंगी कि हां, मेरे साथ ऐसा हुआ.” बता दें कि, बादशाह ने अभी तक ईशा रिखी के अलग होने और उनके लगाए इन आरोपों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है.




