दिल्ली में सांसों पर संकट! ‘खतरनाक’ स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, AQI 650 पार
'खतरनाक' श्रेणी की हवा स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकती है और पहले से सांस या दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह बेहद घातक साबित हो सकती है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने बेहद भयावह रूप ले लिया है. रियल-टाइम एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, औसत AQI 669 (US मानक) दर्ज किया गया है, जो ‘खतरनाक’ (Hazardous) श्रेणी में आता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार भी राजधानी के कई इलाकों में हवा बेहद जहरीली बनी हुई है. अक्षरधाम के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 408 दर्ज किया गया है, जिसे ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में रखा गया है. वहीं मयूर विहार फेज-1 इलाके में भी AQI 411 दर्ज किया गया है, जो ‘गंभीर’ (Severe) श्रेणी में आता है.
हवा में घुले जहरीले कण और मौसम का मिजाज
ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली की हवा में सूक्ष्म और हानिकारक प्रदूषक कणों की मात्रा सामान्य से कई गुना अधिक हो गई है. राजधानी का तापमान 20°C दर्ज किया गया है और चारों तरफ घना स्मॉग (Severe smog) छाया हुआ है. वहीं वातावरण में नमी (Humidity) 71% बनी हुई है, जबकि हवा की गति महज 3.6 किमी/घंटा है. हवा की धीमी रफ्तार के कारण प्रदूषक कण वातावरण से छंट नहीं पा रहे हैं.
पराली जलाने की घटनाएं भी प्रदूषण की बड़ी वजह
खेतों में पराली जलाने की घटनाएं प्रदूषण की एक बड़ी वजह हैं. आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को छह राज्यों में पराली जलाने की 874 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें सबसे ज्यादा 515 घटनाएं पंजाब में सामने आईं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 129, हरियाणा में 8, मध्य प्रदेश में 179, राजस्थान में 40 और उत्तराखंड में तीन घटनाएं दर्ज की गईं. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की क्रीम्स (CREAMS) प्रयोगशाला के मुताबिक, 15 सितंबर से 11 नवंबर के बीच छह राज्यों में पराली जलाने की कुल 10,466 घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं.
स्वास्थ्य पर असर और बचाव के उपाय
‘खतरनाक’ श्रेणी की हवा स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकती है और पहले से सांस या दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह बेहद घातक साबित हो सकती है. डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने लोगों को निम्नलिखित सावधानियां बरतने की सलाह दी है:
- सुबह और देर शाम के समय घर से बाहर टहलने या खुले में व्यायाम करने से बचें.
- बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाले N95 मास्क का उपयोग अनिवार्य रूप से करें.
- घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और खिड़कियां बंद रखें.
- आंखों में जलन या सांस लेने में तकलीफ महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.



