Rajasthan: दोस्त को वोट नहीं देने पर मां की हत्या, बेटे ने पीट-पीटकर ले ली जान; बचाने आए पिता-बड़े भाई पर भी बरसाई रॉड
उदयपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. चुनावी वोट न देने के विवाद में बेटे राहुल ने अपनी मां पुष्पा परमार की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी.
Udaipur News: राजस्थान में उदयपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां चुनाव में अपने दोस्त को वोट नहीं देने की बात पर हुए विवाद में छोटे बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे पिता और बड़े भाई पर भी आरोपी ने हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता का डूंगरपुर जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. वहीं, मां के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
जानकारी के अनुसार, महुवाड़ा निवासी पुष्पा परमार अपने पति लालचंद परमार, बड़े बेटे गणेश और बहू के साथ घर में सो रही थीं. रात करीब तीन बजे उनका छोटा बेटा राहुल परमार घर पहुंचा. बताया जा रहा है कि चुनाव में उसके दोस्त को वोट नहीं देने की बात को लेकर घर में विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
लोहे की रॉड से मां के सिर पर किया वार
आरोप है कि विवाद के दौरान राहुल ने अपनी मां पुष्पा के साथ मारपीट की और लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया. मां को बचाने के लिए पिता लालचंद बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी रॉड से हमला कर दिया. हमले में लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस दौरान बड़े भाई गणेश परमार और उसकी पत्नी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की. आरोप है कि राहुल ने उन पर भी हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गया. अचानक हुई इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई.
अस्पताल ले जाते समय मां ने तोड़ा दम
घटना के बाद गणेश ने निजी वाहन की मदद से घायल माता-पिता को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया. हालांकि, रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल पुष्पा ने दम तोड़ दिया. डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल लालचंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आरोपी राहुल वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है. पुलिस पूरे घटनाक्रम, विवाद की वजह और हमले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है. मामले में मृतका के बड़े बेटे गणेश के बयान भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.




