उत्तराखंड केदारताल ट्रैक हादसा… रेस्क्यू के दौरान मिले तीन और शव, अब तक 7 ट्रेकर्स की मौत; एक की तलाश जारी

उत्तराखंड केदारताल ट्रैक हादसा… रेस्क्यू के दौरान मिले तीन और शव, अब तक 7 ट्रेकर्स की मौत; एक की तलाश जारी

उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम के कारण फंसे ट्रेकर्स के रेस्क्यू अभियान में सात शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक ट्रेकर अभी भी लापता है.

Uttarkashi News: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम और भारी हिमपात के कारण फंसे ट्रेकर्स के रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन और शव बरामद किए गए हैं. शुक्रवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन में ये शव हिमस्खलन में दबे अलग-अलग स्थानों से मिले. प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, अब तक कुल सात ट्रेकर्स के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक लापता ट्रेकर की तलाश अभी जारी है.

जानकारी के अनुसार, केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम और हिमपात के चलते सात ट्रेकर्स और एक गाइड समेत कुल आठ सदस्य करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर लापता हो गए थे. इनके रेस्क्यू के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. शुक्रवार, 6 नवंबर को SDRF टीम को सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर सुबह करीब 9:30 बजे लापता स्थानों पर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

सर्च अभियान के दौरान टीम को हिमस्खलन में दबे तीन लोगों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले. इन्हें हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड तक लाया गया. इस कार्रवाई के साथ ही बरामद शवों की कुल संख्या सात हो गई है. प्रशासन के मुताबिक, एक लापता ट्रेकर की खोजबीन अब भी जारी है.

देहरादून से रवाना हुआ हेलीकॉप्टर

रेस्क्यू अभियान के लिए हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे देहरादून से रवाना हुआ और लगभग 11 बजकर 30 मिनट पर मातली हेलीपैड पर उतरा. इसके बाद करीब 11 बजकर 40 मिनट पर केदारताल के लिए रवाना हुआ. दोपहर लगभग 12 बजकर 10 मिनट पर हेलीकॉप्टर से तीनों शव मातली हेलीपैड लाए गए. यहां से मोर्चरी वाहन के जरिए शवों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया.

एक लापता सदस्य की तलाश जारी

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि रेस्क्यू और सर्च अभियान लगातार जारी है. दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, अधिक ऊंचाई और प्रतिकूल मौसम के बीच रेस्क्यू में जुटी टीम को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. एक लापता सदस्य की तलाश के लिए टीमें जुटी हुई हैं.

सुरेश चंद रमोला
सुरेश चंद रमोला

सुरेश चंद रमोला देवभूमि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के वरिष्ठ पत्रकार हैं. वर्ष 2004 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए वे जनसरोकारों और आम जनता की आवाज को प्रमुखता से उठाते आ रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2004 से 2008 तक दैनिक जागरण में कार्य किया. इसके बाद वर्ष 2008 से 2018 तक राष्ट्रीय सहारा से जुड़े रहे. वर्ष 2018 से 2020 तक उन्होंने नेटवर्क 10 न्यूज चैनल में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में टीवी9 भारतवर्ष के लिए उत्तरकाशी से रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

Read More