कौन थे चमोली हेलिकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले 5 यात्री? बेंगलुरु के CCB इंस्पेक्टर समेत 6 की मौत
चमोली के जोशीमठ में हेलिकॉप्टर क्रैश होने से पायलट समेत 6 लोगों की मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले पांचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे. जानिए कौन थे हादसे के सभी छह मृतक और क्या थी उनकी पहचान.
Chamoli Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया. बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट की ओर लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा चाई गांव और थैंग गांव के ऊपर पहाड़ी इलाके में हुआ. हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे. इस हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पायलट हिमांशु के अलावा कर्नाटक के पांच लोग शामिल हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर अपना संतुलन खो बैठा और पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ से भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का VT-HCX पंजीकृत हेलिकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:12 से 1:14 बजे के बीच बदरीनाथ धाम से रवाना हुआ था. इसे देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट पहुंचना था. उड़ान के दौरान जब हेलिकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर से गुजर रहा था, तभी अचानक उसका संपर्क ट्रैकिंग सिस्टम से टूट गया. कुछ देर बाद चाई गांव की ऊपरी पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली.
ये भी पढ़ें- Chamoli Helicopter Crash: खराब मौसम, 6 सवारी और बदरीनाथ से उड़ान चमोली हेलिकॉप्टर हादसे की पूरी कहानी
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. भारतीय सेना, पुलिस, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं. सेना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि की.
बेंगलुरु के CCB इंस्पेक्टर समेत 5 यात्रियों की मौत
इस हादसे में जान गंवाने वाले पांचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान बेंगलुरु में तैनात CCB इंस्पेक्टर अरुण सालुंके (44), के. सुधीर (50), शंकर गौड़ा (39), एच.एस. नटराज (51) और प्रताप गौड़ा (41) के रूप में हुई है. वहीं, हेलीकॉप्टर के पायलट हिमांशु (48) की भी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, अरुण सालुंके 2007 बैच के पुलिस अधिकारी थे. वह मूल रूप से बेलगाम जिले के अथानी तालुक के अराटाला गांव के रहने वाले थे. वर्तमान में बेंगलुरु के पुलिस छावनी थाने में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे. इससे पहले वह इंदिरा नगर और बनासवाड़ी समेत कई पुलिस थानों में सेवाएं दे चुके थे. वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ राममूर्ति नगर में रहते थे.
ये भी पढ़ें- Chamoli Helicopter Crash: पहले से था ऑरेंज अलर्ट, फिर बदरीनाथ से क्यों उड़ा हेलिकॉप्टर? चमोली हादसे ने उठाए कई सवाल
वहीं एच.एस. नटराज और शंकर गौड़ा तुमकुर जिले के कुनिगल तालुक के हुलियुरदुर्गा के रहने वाले थे. प्रताप गौड़ा हासन जिले के सकलेशपुर तालुक के बाछल्ली गांव के निवासी थे और बेंगलुरु में कारोबार करते थे. मृतक के. सुधीर पेशे से वकील बताए जा रहे हैं.
सेना की सूचना पर प्रशासन ने ट्रेस की लोकेशन
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया था कि हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था. जोशीमठ घाटी पार करते समय अचानक उसका ट्रैकिंग सिस्टम से संपर्क टूट गया. इसके बाद स्थानीय स्तर पर भी हेलीकॉप्टर से जुड़ी जानकारी मिली. वहीं चमोली DM गौरव कुमार के मुताबिक, सेना से हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने हेलिकॉप्टर की लोकेशन ट्रेस की और दुर्घटना की पुष्टि की. हादसे के बाद घटनास्थल पर जरूरी कार्रवाई और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें जुटी रहीं.




