ओवैसी-चंद्रशेखर के मोर्चे का अखिलेश ने किया वेकलम, पर कहा- PDA से बड़ा कोई विकल्प नहीं

ओवैसी-चंद्रशेखर के मोर्चे का अखिलेश ने किया वेकलम, पर कहा- PDA से बड़ा कोई विकल्प नहीं

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का अखिलेश यादव ने स्वागत किया है. उन्होंने दावा किया कि इससे बीजेपी को 2-3 फीसदी वोटों का नुकसान हो सकता है.

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का स्वागत किया है. उन्होंने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का हम स्वागत करते हैं! समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए, लेकिन सच में सफलता तब ही मिलेगी जब राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा सक्रिय होगा. बता दें कि AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है.

अखिलेश यादव ने लिखा, पीडीए समाज के भले के लिए जो भी साम्प्रदायिक ताकतों से सच में लड़ेगा और पीडीए समाज की आवाज उठाएगा, उसकी ईमानदार आवाज अवाम तक पहुंचाने में हम सहयोग करेंगे. इसका एक फायदा विपक्ष को ये मिलेगा कि भावनात्मक जुमलों और छलावे में आकर जो लोग साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते थे, वो अब उनकी तरफ नहीं जाएंगे.

भाजपा को 2-3% वोटों की हानि होगी… अखिलेश

उन्होंने कहा कि बहकावे में आकर वोट देने वाले ऐसे भोले-भाले लोगों के लिए अब एक और विकल्प खुला होगा. इससे भाजपा को 2-3% वोटों की हानि और होगी. भाजपा तो कहीं की नहीं रहेगी.

अखिलेश यादव ने कहा कि केवल बातों और बयानों से सरगर्मी पैदा करना जिनका मकसद होता है, जनता उनका सच समझती है. सच तो ये है कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र और भी मजबूत होता है, बशर्तें उसके पीछे अपने समाज की भलाई की मंशा हो, किसी तीसरे का काला-मंसूबा नहीं.

वोटों की ठेकेदारी प्रथा खत्म होगी: अखिलेश

उन्होंने कहा कि अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता जमानत जब्त भी करवा देती है. उम्मीद है सियासत में वोटों की ठेकेदारी प्रथा ख़त्म होगी और हर कोई अपने समाज के सच्चे हित के लिए काम करेगा.

उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से अपेक्षित इस घटनाक्रम के घटित होने के बाद आज यह भी स्पष्ट हो गया है कि उप्र के विधानसभा चुनावों में जिसका आधारभूत वोट ज्यादा होगा, सच में परिवर्तन चाहनेवाली जनता उसीकी तरफ जाएगी, और इस संदर्भ में पीडीए से बड़ा अन्य कोई विकल्प है ही नहीं.

ये भी पढ़ें- अखिलेश के अयोध्या दौरे पर सपा में ही कन्फ्यूजन? MP बर्क बोले- आधिकारिक कार्यक्रम की जानकारी नहीं

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More