UP: योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा गिफ्ट, मिलेगा 30 दिन का बोनस, कैश के साथ बचत भी

UP: योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा गिफ्ट, मिलेगा 30 दिन का बोनस, कैश के साथ बचत भी

राज्य सरकार के फैसले से से प्रदेश के कर्मचारियों के अलावा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी बोनस का सीधा लाभ मिलेगा. इस फैसले से करीब 15 लाख कर्मचारियों को फायदा मिलेगा.

दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने लाखों कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देने का फैसला लिया है. राज्य सरकार ने साल 2025-2026 के लिए 30 दिन के तदर्थ बोनस दिए जाने को अपनी मंजूरी दे दी है. अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों से लेकर शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को भी तदर्थ बोनस मिलेगा. बोनस में नकद और बचत दोनों का ख्याल रखा गया है.

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने आज गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया. इस फैसले से राज्य कर्मचारियों के अलावा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा. इस फैसले से करीब 15 लाख कर्मचारियों को फायदा मिलेगा.

25 फीसदी कैश तो 75 फीसदी जमा होगी राशि

राज्य के पात्र कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये दिए जाएंगे. इससे करीब 14.82 लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को फायदा मिलेगा. साथ ही बोनस के लिए अधिकतम मासिक परिलब्धियों (Monthly Emoluments) की सीमा सात हजार रुपये तय की गई है.

जारी शासनादेश के अनुसार, बोनस के लिए राज्य कर्मचारियों, अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों से लेकर शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को यह लाभ मिलेगा. इस बोनस में नकद और बचत दोनों को शामिल किया गया है. बोनस की 25 फीसदी राशि का नकद रूप में तत्काल भुगतान किया जाएगा, जबकि 75 फीसदी राशि कर्मचारी भविष्य निधि (General Provident Fund) में जमा होगी.

रिटायर होने वाले कर्मचारियों को मिलेगा फुल कैश

यहां तक की हाल-फिलहाल में रिटायर हो चुके या जल्द ही रिटायर होने वाले पात्र कर्मचारियों को पूरी राशि नकद के रूप में दी जाएगी. इसके अलावा जो कर्मचारी भविष्य निधि के सदस्य नहीं हैं, उन्हें यह पैसा नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट या पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) के रूप में प्रदान की जाएगी. इसमें जो कर्मचारी इस साल 31 मार्च के बाद रिटायर हो गए या फिर अगले साल 30 अप्रैल तक रिटायर होने वाले हैं, उन्हें बोनस के रूप में पूरी राशि नकद रूप में दी जाएगी.

वहीं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस की राशि तय की गई है, उन्हें अधिकतम 1,184 रुपये बोनस दिए जाने का प्रावधान रखा गया है. हफ्ते में 6 दिन काम वाले ऑफिस में कम से कम तीन साल से लगातार काम कर रहे और हर साल न्यूनतम 240 दिन काम करने वाले दैनिक भोगी कर्मचारी भी इसके दायरे में आएंगे. हालांकि उनके लिए अधिकतम राशि 1200 रुपये हर महीने तय करते हुए 1184 रुपये का बोनस फिक्स किया गया है.

पंकज चतुर्वेदी
पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More