भोजपुर में वर्चस्व की जंग! हवलदार के बेटे को दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली, दोस्त पर भी फायरिंग; हालत गंभीर
भोजपुर में गजराजगंज के पास हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों पर फायरिंग की. इस वारदात में हवलदार के बेटे रितिक सिंह राजपूत की मौके पर मौत हो गई, दोस्त युवराज कुमार गंभीर घायल है.
बिहार में भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बड़कागांव गांव के पास हथियारबंद बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस घटना में हवलदार के 24 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान आरा नगर थाना क्षेत्र के मझौआ गांव निवासी हरेंद्र सिंह के 24 साल के बेटे रितिक सिंह राजपूत के रूप में हुई है. वहीं, जख्मी युवक की पहचान इसी गांव के रामावतार सिंह के 24 साल के बेटे युवराज कुमार के रूप में हुई है. रितिक के पिता हरेंद्र सिंह आरा में विशेष शाखा में थे. इसके बाद उनका ट्रांसफर हाल में सुपौल किया गया है.
बदमाशों ने रितिक के सिर में सटाकर दो गोली मारी, और पीछे पीठ में 2 गोली मारी गई है. जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. वहीं, युवराज को दो गोलियां लगी हैं. एक गोली उसके प्राइवेट पार्ट के पीछे और दूसरी पीठ में लगी है. घटना के बाद उसके दोस्तों ने आनन-फानन में उसे आरा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर विकास सिंह की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है.
बदमाशों ने घेर कर मारी गोली
घटना के पीछे पूर्व से चला आ रहा आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है. वारदात के समय दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ बिहिया से लौट रहे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार दोस्तों को पांच-छह की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने बड़कागांव के समीप रोक लिया. इसके बाद बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी. विरोध करने पर आरोपितों ने पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी.
मृतक के दोस्त मुकुल सिंह के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले रितिक के सिर में गोली मारी और फिर युवराज को दो गोलियां मार दीं. अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दोस्त किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे. भागने के दौरान भी बदमाश पीछे से गोलियां चलाते रहे. मुकुल ने बताया कि इस दौरान एक गोली उसके हाथ की उंगली को छूकर निकल गई.
वर्चस्व को लेकर चल रहा था विवाद
मुकुल ने बताया कि दोनों गुटों के बीच पहले से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था. करीब दस दिन पहले दोनों पक्षों के परिवारों के बीच समझौता भी हुआ था. इधर, जख्मी युवराज के पिता रामावतार सिंह ने बताया कि केजी रोड स्थित दुर्गा पंडाल के पास पहले गाली-गलौज हुई थी. इसके बाद से ही उनके बेटे को फोन पर धमकी दी जा रही थी. उसे घर से बाहर बुलाकर गोली मारने की धमकी दी गई थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार की सुबह भी बदमाश उनके घर के आसपास बेटे को खोजते हुए पहुंचे थे. इसी विवाद में बड़कागांव के समीप इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.




