दिल्ली में मुनक नहर पर बनेगा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट, नितिन नबीन करेंगे उद्घाटन

दिल्ली में मुनक नहर पर बनेगा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट, नितिन नबीन करेंगे उद्घाटन

इस वर्ष दिल्लीवासियों के लिए एक विशेष आकर्षण मुनक नहर पर तैयार किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट होगा. दिल्ली में इस बार छठ पूजा के लिए लगभग 1400 से ज्यादा घाट तैयार किए जा रहे हैं.

दिल्ली सरकार ने छठ के भव्य त्योहार के दौरान राजधानी में श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘जन सेवा सदन’ में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियों के किसी भी चरण में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी इंतजाम तय समय से काफी पहले पूरे कर लिए जाने चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास यह है कि व्रत रखने वालों और उनके परिवारों को इस महत्वपूर्ण आस्था के त्योहार के दौरान अनुष्ठान करने के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके. इस वर्ष दिल्लीवासियों के लिए एक विशेष आकर्षण मुनक नहर पर तैयार किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट होगा. बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक विकसित किए जा रहे इस घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क बनाई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिंगलपुर गांव के निकट आयोजित कार्यक्रम में इस भव्य घाट का उद्घाटन करेंगे. सरकार इसे इस तरह विकसित कर रही है कि आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालु यहां सुविधापूर्वक छठ पूजा कर सकें. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बैठक में कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपरा से जुड़ा है. सरकार की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो. बैठक में छठ पूजा से जुड़ी विभिन्न समितियों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.

1400 से अधिक घाटों पर होगी छठ पूजा

दिल्ली में इस बार छठ पूजा के लिए लगभग 1400 से ज्यादा घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले साल 1326 घाट बनाए गए थे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की आधारभूत तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि अंतिम समय में केवल पानी भरने, टेंट लगाने और सफाई जैसे काम ही शेष रहें. जिला प्रशासन और संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का नियमित निरीक्षण करें और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा से दो दिन पहले सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी हो जानी चाहिए.

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा. नवंबर में संभावित ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के अनुसार पर्याप्त कवर वाले टेंट लगाने के निर्देश दिए.

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि छठ पूजा की पवित्रता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए इन सुविधाओं की स्वच्छता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाए. मुख्यमंत्री ने घाटों और उनके आसपास के पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया. 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही को देखते हुए सफाई कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं.

घाटों के रास्ते होंगे दुरुस्त, धूल और अंधेरे से मिलेगी मुक्ति

श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को पहुंच मार्गों का विशेष निरीक्षण करने को कहा. घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था को भी अनिवार्य बताया गया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी रास्ते पर अंधेरा या डार्क स्पॉट नहीं रहना चाहिए. मॉडल छठ घाटों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के साथ प्रमुख घाटों पर मुख्य सड़क से दिखाई देने वाले स्वागत द्वार लगाने के निर्देश भी दिए गए.

जीतेन्द्र भाटी
जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More