Dharmendra Political Career: धर्मेंद्र ने कितने वोट से जीता था लोकसभा चुनाव…सांसद बनने के बाद क्यों छोड़ दी राजनीति?
Dharmendra Political Career: अभिनेता धर्मेंद्र की पहचान कभी एक राजनेता के रूप में भी रही है. हालांकि बाद में उन्होंने राजनीति से दूरी बना ली थी. आज हम आपको बतांएगे कि आखिर एक्टर ने कब और कहां से लोकसभा चुनाव लड़ा था और विपक्षी उम्मीदवार को कितने वोटों से शिकस्त दी थी?
Dharmendra Political Career: उम्र संबंधित बीमारियों से जूझ रहे दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को हाल ही में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बताया गया कि दिग्गज एक्टर को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. धर्मेंद्र एक ऐसे अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने एक्टर के साथ-साथ अपनी पहचान पॉलिटिशियन के रूप में भी बनाई, लेकिन बाद में उनका राजनीति से मोहभंग हो गया था.
89 वर्षीय धर्मेंद्र ने अपने करियर में अपार सफलता और लोकप्रियता हासिल करने के बाद राजनीति के अखाड़े में एंट्री ली थी. 2004 के दौरान हुए लोकसभा चुनाव में धर्मेंद्र ने भारतीय जनता पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ा था और वो बड़े अंतर से जीतने में कामयाब हुए थे. हालांकि सियासत उन्हें ज्यादा रास नहीं आई.
धर्मेंद्र ने कितने वोट से जीता था चुनाव?
धर्मेंद्र ने 2004 के आम चुनाव में भाजपा का दामन थामा था. उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी से मुलाकात करने के बाद अपने सियासी सफर का आगाज किया था. उन्हें भाजपा ने राजस्थान की बीकानेर लोकसभा सीट से टिकट दिया था. धर्मेंद्र ने कांग्रेस उम्मीदवार रामेश्वर लाल डूडी को चुनौती देते हुए 60 हजार से ज्यादा वोटों से करारी शिकस्त दी थी.
सांसद बनने के बाद क्यों छोड़ दी राजनीति?
कांग्रेस उम्मीदवार को रिकॉर्ड मतों से हराने के बाद धर्मेंद्र लोकसभा सांसद बन गए थे. हालांकि केंद्र में सरकार कांग्रेस की बनी थी. उस वक धर्मेंद्र पर दूसरे दल के नेता आरोप लगाते थे कि वो अपने लोकसभा क्षेत्र में ज्यादा समय नहीं देते हैं और ज्यादातर समय मुंबई में ही रहते हैं. धर्मेंद्र ने जैसे तैसे पांच साल का कार्यकाल पूरा किया और फिर चुनाव नहीं लड़ा. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, ”ये जगह उनके लिए ठीक नहीं थी.”
पत्नी हेमा सांसद, बेटे सनी पूर्व सांसद
धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल भी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं. हालांकि उन्होंने भी पिता की तरह बाद में राजनीति से तौबा कर ली थी. सनी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब के गुरदासपुर से भाजपा के टिकर पर चुनाव लड़ा था. वो जीते भी थे, लेकिन पांच साल बाद यानी 2024 में दोबारा चुनाव नहीं लड़ा. जबकि धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी मथुरा से भाजपा सांसद हैं. वो लगातार तीन बार चुनाव में जीत हासिल कर चुकी हैं.



