रात में मीठा खाने की आदत स्किन के लिए सही नहीं, डॉक्टर से जानें नुकसान
कुछ लोगों को खाना खाने के बाद मीठा खाने की आदत होती है. इसे शुगर के लिए होने वाली क्रेविंग भी कहते हैं. पर इसका सेहत पर क्या असर होता है, एक्सपर्ट से जानें...
डॉक्टर संदीप अरोड़ा (सीनियर कंसलटेंट, डर्माटोलॉजी, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल दिल्ली) कहते हैं कि रात में मीठा खाने की आदत स्किन के लिए नुकसानदायक हो सकती है. खासकर अगर रोजाना सोने से पहले चॉकलेट, मिठाई, केक, कुकीज या मीठे पेय लेने की आदत है, तो इसका असर धीरे-धीरे त्वचा पर भी दिखाई दे सकता है.
इसके अलावा, ज्यादा मीठा खाने से कुछ लोगों में मुंहासों की समस्या बढ़ सकती है. खासकर जिनकी त्वचा पहले से ऑयली है या जिन्हें पिंपल्स होते हैं, उन्हें अपनी डाइट पर ध्यान देना चाहिए. मीठा खाने से हर व्यक्ति को मुंहासे हों, यह जरूरी नहीं है, लेकिन ज्यादा शुगर वाली डाइट कुछ लोगों में इस समस्या को बढ़ा सकती है.
रात में मीठा खाने के छह प्रमुख नुकसान में मुंहासे बढ़ना, त्वचा की चमक कम होना, समय से पहले झुर्रियां आना, त्वचा का लचीलापन कम होना, त्वचा पर दाग-धब्बों की समस्या बढ़ने की आशंका और वजन बढ़ने का खतरा शामिल हैं. हालांकि, इनका असर व्यक्ति की उम्र, खानपान, हार्मोन और त्वचा की प्रकृति पर निर्भर करता है.
यह भी समझना जरूरी है कि सिर्फ रात में मीठा खाने से त्वचा खराब नहीं होती, बल्कि पूरे दिन में कितनी शुगर ली जा रही है, यह ज्यादा मायने रखता है. इसलिए सोने से पहले मिठाई या चॉकलेट खाने की आदत कम करें.



