पत्नी बनाती थी डांसिंग Reels, टोका तो रूठकर चली गई मायके… सदमे में पति ने दे दी जान

पत्नी बनाती थी डांसिंग Reels, टोका तो रूठकर चली गई मायके… सदमे में पति ने दे दी जान

Budaun Suicide Case: बदायूं के गजरामपुर गांव में पत्नी के इंस्टाग्राम रील बनाने के विवाद से परेशान होकर 26 वर्षीय सोहन सिंह यादव ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. जून 2025 में हुई शादी के बाद से ही दोनों में विवाद चल रहा था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Budaun News: स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के दौर में रील बनाने का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. लेकिन कुछ मामलों में यह शौक परिवारों में कलह और बड़ी तबाही का कारण भी बन रहा है. उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी के इंस्टाग्राम पर रील बनाने और डांस वीडियो पोस्ट करने के विवाद के चलते एक पति ने फांसी के फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. इस आत्मघाती कदम के बाद से युवक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

यह दुखद घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गजरामपुर गांव की है. यहां रहने वाले सोहन सिंह यादव ने अपने ही घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. सोमवार सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य सोए हुए उठे, तो सोहन सिंह घर में कहीं दिखाई नहीं दिए. काफी देर तक जब उनकी खोजबीन की गई, तो परिजनों ने उनका शव फंदे से लटकता हुआ देखा. शव को देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया.

पत्नी के रील बनाने का विरोध करता था पति

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि सोहन सिंह की शादी पिछले साल 2 जून 2025 को अलीगढ़ जिले के हरनौतापुर गांव की रहने वाली गुंजन के साथ हुई थी. परिजनों का आरोप है कि गुंजन को इंस्टाग्राम पर डांस आदि की वीडियो (रील्स) बनाकर डालने की लत थी, जिसका सोहन सिंह लगातार विरोध करता था. वह नहीं चाहता था कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो पोस्ट करे. इसी बात को लेकर शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़ा होता रहता था.

मायके जाने के बाद फोन पर हुई बहस और दे दी जान

परिजनों के मुताबिक, लगातार होने वाले विवाद के कारण चार दिन पहले ही गुंजन अपने मायके चली गई थी. इसके बाद रविवार रात को सोहन सिंह की अपनी पत्नी गुंजन से फोन पर बातचीत हुई थी. आरोप है कि फोन पर भी रील बनाने या किसी अन्य बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई. इस बहस से आहत होकर और मानसिक तनाव के चलते सोहन सिंह ने रात में ही फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

ये भी पढ़ें: 1 लाख 85 हजार का बिल गरीब पान विक्रेता ने बिजली विभाग से परेशान होकर दे दी जान, सोचने पर मजबूर कर देगा गाजीपुर का ये मामला

खेती-बाड़ी कर संभालता था घर, जांच में जुटी पुलिस

गजरामपुर गांव का रहने वाला सोहन सिंह अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था. वह गांव में ही खेती-बाड़ी करके घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था और पूरे परिवार का बड़ा सहारा था. महज एक साल पहले हुई शादी के बाद युवक की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे और मातम में डूबा हुआ है.

बिल्सी के क्षेत्राधिकारी (CO) केके तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एक युवक द्वारा घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस इस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली तहरीर (शिकायत) के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

तन्वी गुप्ता
तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं. प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है. फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं. इसके अलावा एनसीसी 'C' सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.

Read More