गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल की बेटी की 11वीं मंजिल से गिरकर मौत, न्यूजीलैंड से लौटने के बाद थी परेशान

गुरुग्राम में रिटायर्ड कर्नल की बेटी की 11वीं मंजिल से गिरकर मौत, न्यूजीलैंड से लौटने के बाद थी परेशान

गुरुग्राम की महेंद्रा औरा सोसाइटी में नेहा तिवारी की 11वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई. वह रिटायर्ड कर्नल ब्रजराज तिवारी की बेटी थीं. परिवार के मुताबिक, न्यूजीलैंड से भारत लौटने के बाद से वह परेशान थीं.

Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में एक रिटायर्ड कर्नल की 30 वर्षीय बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला की पहचान नेहा तिवारी के रूप में हुई है. वह सेक्टर-110A स्थित महेंद्रा औरा सोसाइटी में 11वीं मंजिल से नीचे गिर गईं. ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

बालकनी में टहलते समय नीचे गिरीं!

जानकारी के मुताबिक, नेहा तिवारी अपने पिता और सेवानिवृत्त कर्नल ब्रजराज तिवारी के साथ सोसाइटी के एक फ्लैट में रह रही थीं. घटना के समय परिवार का कोई सदस्य घर पर मौजूद नहीं था. बताया जा रहा कि नेहा फ्लैट की बालकनी में टहल रही थीं. इसी दौरान वह बालकनी की रेलिंग पार कर नीचे गिर गईं. गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.

ये भी पढ़ें- पहले 2 टीचर, अब प्रिंसिपल पर गिरी गाजपंचकूला के स्कूल में मासूम से मारपीट पर बड़ा एक्शन

न्यूजीलैंड से लौटने के बाद परेशान थीं नेहा

परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, नेहा के पति शुभम शर्मा की न्यूजीलैंड में नौकरी लगी थी. इसके बाद नेहा भी उनके साथ न्यूजीलैंड चली गई थीं. हालांकि वीजा से जुड़ी परेशानियों के चलते उन्हें अकेले ही भारत लौटना पड़ा. न्यूजीलैंड से वापस आने के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं. बताया जा रहा कि उनके पति शुभम शर्मा अभी भी न्यूजीलैंड में ही रह रहे हैं. पुलिस उनसे भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा सकें.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इससे घटना से पहले और उसके समय की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की बात सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है.

(रिपोर्ट- गुलशन/गुरुग्राम)

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More