झुंझुनूं में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, हाईटेंशन लाइन से टकराई रोड़ी मिलाने वाली मशीन

झुंझुनूं में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, हाईटेंशन लाइन से टकराई रोड़ी मिलाने वाली मशीन

झूंझुनू में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां सड़क निर्माण में जुटे 8 मजदूरों की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

राजस्थान के झूंझुनू में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया. यहां सड़क निर्माण में जुटे 5 मजदूरों की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. आनन फानन में इन मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां इनकी भी मौत हो गई है. यह हादसा झूंझुनू के झापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य के दौरान हुआ.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. जानकारी के मुताबिक सीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था. इस दौरान रोड़ी बजरी मिलाने वाली मशीन माल लेकर आ गई. दुर्भाग्य से वहां हाई टेंशन लाइन गुजर रही थी और यह मशीन उस हाई टेंशन लाइन से छू गई. इससे मशीन में करंट उतर आया. इसी दौरान मशीन से माल उतरने आए 8 मजदूर भी इस करंट की चपेट में आ गए.

मौके पर हुई मौत

इस घटना के दौरान मशीन के सीधे संपर्क में आने वाले 5 मजदूरों की तो मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन अन्य मजदूर जो बचाने आए, वो भी गंभीर रूप से झुलस गए. आनन फानन में इन तीनों मजदूरों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई है. इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए.

जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों का पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक हादसे को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

ध्वज आर्य
ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More