Video: कोटा में सांपों के बीच खूनी जंग, रेस्क्यू के बाद भी नहीं थमी दोनों की लड़ाई, फिर जो हुआ…

Video: कोटा में सांपों के बीच खूनी जंग, रेस्क्यू के बाद भी नहीं थमी दोनों की लड़ाई, फिर जो हुआ…

कोटा जिले के मंडाना में दो बेहद जहरीले कॉमन करैत सांपों के बीच संघर्ष हुआ. वन्यजीव प्रेमी ने रेस्क्यू कर उन्हें एक डिब्बे में रखा, लेकिन अगले दिन सुबह एक सांप ने दूसरे को निगल लिया था.

KotaSnake fight: राजस्थान के कोटा जिले के मंडाना कस्बे में सांपों के बीच संघर्ष की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां शनिवार देर रात दो बेहद जहरीले कॉमन करैत सांप आपस में भिड़ गए. दोनों के बीच सड़क पर शुरू हुई लड़ाई रेस्क्यू के बाद भी नहीं थमी. वन्यजीव प्रेमी ने दोनों सांपों को पकड़कर एक बड़े डिब्बे में सुरक्षित रखा, लेकिन रविवार सुबह जब उन्हें जंगल में छोड़ने के लिए डिब्बा खोला गया तो उसमें सिर्फ एक ही सांप मिला. बताया जा रहा है कि एक सांप दूसरे को निगल चुका था.

जानकारी के अनुसार, कोटा ग्रामीण के मंडाना कस्बे में शनिवार देर रात मेन बाजार स्थित सेठियों की गली में दो कॉमन करैत सांप एक-दूसरे से लिपटकर संघर्ष कर रहे थे. इस दौरान एक सांप ने दूसरे का मुंह पकड़ लिया और उसे निगलने लगा. सड़क पर दो जहरीले सांपों को इस तरह लड़ते देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन्यजीव प्रेमी ललित बौरासी को दी. सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और दोनों सांपों को अलग कर उनका रेस्क्यू किया. इसके बाद दोनों को एक बड़े डिब्बे में सुरक्षित रख दिया गया. सांपों के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.

सुबह डिब्बे में मिला सिर्फ एक सांप

ललित बौरासी के मुताबिक, डिब्बे में रखने के बाद भी दोनों सांपों के बीच संघर्ष जारी रहा. शनिवार रात दोनों सांप डिब्बे में मौजूद थे, लेकिन रविवार सुबह जब वे उन्हें जंगल में सुरक्षित छोड़ने पहुंचे तो डिब्बे में केवल एक ही सांप दिखाई दिया. जांच करने पर पता चला कि एक कॉमन करैत दूसरे को निगल चुका था. दोनों सांपों की लंबाई करीब डेढ़ से दो फीट बताई गई है. इस घटनाक्रम ने वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया.

बेहद जहरीले सांपों में शामिल है कॉमन करैत

ललित बौरासी के अनुसार, इंडियन कॉमन करैत भारत के चार प्रमुख जहरीले सांपों में शामिल है. इसके जहर में न्यूरोटॉक्सिन होता है, जो सीधे इंसान के नर्वस सिस्टम पर असर डालता है. इसके काटने से मांसपेशियों में लकवा और सांस लेने में परेशानी हो सकती है. समय पर इलाज नहीं मिलने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है.

कॉमन करैत मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है. कई बार यह सोते हुए लोगों को भी काट लेता है. इसके काटने पर शुरुआती दौर में दर्द या अन्य लक्षण स्पष्ट नहीं होने के कारण इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है. फिलहाल इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है.

कामेन्दु जोशी
कामेन्दु जोशी

राजस्थान के कोटा से TV9 भारतवर्ष के रिपोर्टर कामेन्दु जोशी के लेखन की शुरुआत 'वेद अमृत' पुस्तक से शुरू हुई, जिसकी संपादक फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी थीं. इसके साथ-साथ उन्हें 'सत्य कथाएं' और 'पारिवारिक तुलसी कहानियां' जैसी पत्रिकाओं में भी कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ. वर्ष 2003 में उन्हें 'हुकुमनामा' समाचार पत्र का मुख्य कार्यभार कोटा संभाग से संभालने का मौका मिला. लगभग 18 माह तक इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बाद आगे बढ़ने का अवसर मिला. इसके बाद वो न्यूज़ इंडिया, आज की खबर, इंडिया डेली लाइव और News24 जैसे राष्ट्रीय समाचार चैनलों के लिए बतौर रिपोर्टर कार्यरत रहे. 2010 से कामेन्दू ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कदम रखा. लगभग 17 वर्षों से वो बतौर रिपोर्टर लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Read More