बागपत में एक ही घर से निकले 30 कोबरा… खुदाई में मिले 100 से ज्यादा सांप के अंडे, दहशत में परिवार

बागपत में एक ही घर से निकले 30 कोबरा… खुदाई में मिले 100 से ज्यादा सांप के अंडे, दहशत में परिवार

बागपत जिले के कहरका गांव में एक घर से बीते तीन दिनों में 30 कोबरा सांप और 100 से अधिक अंडे मिलने से हड़कंप मच गया है. परिवार दहशत में है और रात भर जागने को मजबूर है.

Baghpat News: उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के कहरका गांव में एक मकान से लगातार सांप निकलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पिछले तीन दिनों में मकान से 30 कोबरा सांप पकड़े जा चुके हैं, जबकि खुदाई के दौरान 100 से ज्यादा सांप के अंडे मिलने का दावा किया गया है. घर में लगातार छोटे-छोटे कोबरा निकलने से परिवार दहशत में है. हालात ऐसे हैं कि परिजन रातभर जागकर गुजारने को मजबूर हैं.

कहरका गांव निवासी कपिल त्यागी के मुताबिक, उनके मकान में पिछले करीब आठ वर्षों से सांप दिखाई देते रहे हैं. पहले कभी-कभार सांप निकलते थे, जिन्हें पकड़वाकर घर से दूर जंगल में छुड़वा दिया जाता था. लेकिन पिछले एक सप्ताह से रोजाना सांप निकलने का सिलसिला शुरू हो गया है.

तीन दिन में निकले 30 कोबरा सांप

कपिल त्यागी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में करीब 30 कोबरा सांप पकड़वाकर जंगल में छुड़वाए जा चुके हैं. इसके बावजूद सांप निकलना बंद नहीं हुआ. लगातार सांप निकलने से परेशान होकर परिवार ने मकान में खुदाई कराई, जहां उन्हें 100 से ज्यादा सांप के अंडे मिलने का दावा किया जा रहा है. इसके अलावा रोजाना छोटे कोबरा सांप भी दिखाई दे रहे हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी है. वहीं वन विभाग की टीम भी मौके का निरीक्षण कर चुकी है. ग्रामीणों का दावा है कि मकान के अंदर सांपों का बड़ा ठिकाना बना हुआ है. घर में लगातार सांप निकलने से परिवार के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल है.

सांप निकलने से दहशत में परिवार

परिवार के सदस्य घर में बैठकर लगातार निगरानी करते रहते हैं. जैसे ही कहीं सांप दिखाई देता है, उसे पकड़वाने के लिए लोगों को बुलाया जाता है. इसके बाद सांप को जंगल में छुड़वाया जाता है. एक ही मकान से इतनी बड़ी संख्या में कोबरा सांप निकलने और अंडे मिलने की बात पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. फिलहाल परिवार की मांग है कि वन विभाग इस मामले में गंभीरता से जांच कर मकान को सांपों से सुरक्षित कराने की व्यवस्था करे.

पारस जैन
पारस जैन