2.5 लाख दुकानें बंद, 80 फीसदी बिजनेस ठप… महारैली पर CTI की राहुल गांधी को चौथी चिट्ठी
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के कारण दिल्ली के व्यापार पर गंभीर संकट पर चिंता जताई है. CTI ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर व्यापार बचाने की गुहार लगाई है.
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज (रविवार, 1 नवंबर) को इंडिया गठबंधन की महारैली का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें लाखों लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. इस बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस प्रस्तावित रैली के कारण दिल्ली के व्यापार पर पड़ रहे अभूतपूर्व संकट पर चिंता जताई है. CTI ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को एक बार फिर से पत्र लिखा है. इससे पहले भी तीन बार पत्र लिखा गया था, वहीं अब CTI ने ये चौथा पत्र लिखा है
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का कहना है कि राहुल गांधी ने आज रैली में आने वाले लोगों से अपील की है कि वो दिल्ली के बाजारों में जाकर खरीददारी करें, CTI इस अपील का स्वागत करता है, लेकिन जमीन पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है.
80% दुकानें बंद रहने के आसार
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा ‘राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी करके रैली में आने वाले लोगों से कहा है कि बाजारों में जाकर खरीददारी करें और व्यापारियों की मदद करें, लेकिन रैली के कारण इतना ज्यादा पैनिक फैल चुका है, जिसके कारण रामलीला मैदान के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें (80%) बंद रहने के आसार हैं. उन्होंने कहा कि जब दुकानें ही बंद रहेंगी तो रैली में शामिल होने वाले खरीददारी करने कहां जाएंगे
‘हम व्यापारी हैं, BJP एजेंट नहीं’
गोयल ने कहा ‘हमें BJP का एजेंट बताया जा रहा है. 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने आपसे रैली टालने की अपील की थी. ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं, ये दिल्ली के व्यापारी हैं. इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं. हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगा रहे थे’.
CTI चेयरमैन ने कहा कि रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में जो बड़े बाजार हैं – कश्मीरी गेट, मोरी गेट, जनपथ, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, गफ्फार मार्केट – इनमें लगभग 3 लाख दुकानें हैं.
उन्होंने कहा कि जो सूचना हमें सुबह से मिल रही है, उसके हिसाब से आज लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहेंगी और 80% व्यापार पूरी तरह ठप रहेगा। सेंट्रल दिल्ली और मध्य दिल्ली पूरी तरह जाम और चोक रहने की आशंका है.
10 KM दायरे में ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है. आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे. उन्होंने कहा कि लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी, माल की आवाजाही नहीं होगी, गाड़ियां माल लेकर आ-जा नहीं पाएंगी.
उन्होंने कहा कि रोजाना नरेला, बवाना, ओखला, मायापुरी, मुंडका, उद्योग नगर सहित 56 इंडस्ट्रियल एरिया से 5000 ट्रक-टेम्पो माल लेकर इन बाजारों में आते हैं और यहां से 3000 ट्रक NCR समेत पूरे देश में जाते हैं, आज वो सारी चेन टूट गई है. धनतेरस का माल गोदाम में पड़ा है, दुकान तक नहीं पहुंच पा रहा है.
बाहर के ग्राहकों में दहशत
पत्र में कहा गया है कि दिल्ली के आसपास के छोटे शहरों – सोनीपत, पानीपत, गुड़गांव, फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, बहादुरगढ़, झज्जर से जो 3 – 4 लाख ग्राहक रोजाना दिल्ली के बाजारों में आता है, उनके भी लगातार फोन आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि पैनिक बहुत फैल चुका है. वो पूछ रहे हैं – ‘दिल्ली में जाम लगेगा? बाजार खुले रहेंगे?’ और लगभग नहीं के बराबर आएंगे.
पार्किंग का महासंकट
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रामलीला मैदान में 200 बड़ी बसों की भी पार्किंग नहीं है. 10 लाख लोगों को लाने के लिए 15,000 से 20,000 बसें, कारें, टेम्पो की जरूरत पड़ेगी. ये सभी वाहन JLN मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, अजमेरी गेट, चांदनी चौक रोड पर खड़े होंगे। इससे सेंट्रल दिल्ली और पुरानी दिल्ली में लॉकडाउन जैसे हालात बनेंगे.
व्यापार पर संकट
गोयल ने कहा कि 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दिवाली है। 1 नवंबर उसकी तैयारी का सबसे पीक दिन है. अगर आज बाजार बंद और ट्रांसपोर्ट ठप रहा तो रोजाना होने वाला 10-12 हजार करोड़ का कारोबार ठप हो जाएगा. 20 लाख व्यापारियों और 75 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर संकट है.
CTI की अपील
CTI चेयरमैन ने अपील करते हुए पत्र में कहा ‘हम फिर कह रहे हैं, हम रैली के विरोधी नहीं हैं. रैली करिए, लेकिन 20 बाजारों के दिवाली व्यापार की कीमत पर नहीं. राहुल गांधी जी, आप कह रहे हैं बाजार में जाओ, लेकिन जब बाजारें-दुकानें ही बंद रहेंगी, ट्रांसपोर्ट ही ठप रहेगा, रास्ते ही बंद रहेंगे, तो रैली में आने वाले लोग कहां जाएंगे खरीदारी करने? पहले रास्ता तो खुला रखिए’.




