दिल्ली में आज से गैर BS6 गाड़ियों की नो एंट्री, पार्किंग फीस डबल; निगरानी के लिए कई टीमें तैनात

दिल्ली में आज से गैर BS6 गाड़ियों की नो एंट्री, पार्किंग फीस डबल; निगरानी के लिए कई टीमें तैनात

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण रोकने के लिए आज से वाहनों पर नए प्रतिबंध लागू हो रहे हैं. नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर चालकों को वैकल्पिक मार्गों और नियमों की जानकारी दी है

Delhi Air pollution: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए राजधानी में वाहनों के प्रवेश को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है. प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में आज से वाहनों की आवाजाही को लेकर नए प्रतिबंध लागू किए जा रहे हैं. इसके मद्देनजर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं. खासकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले लोगों को सफर पर निकलने से पहले नए नियमों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है.

कार्यालय पुलिस उपायुक्त यातायात, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली में बाहर के राज्यों में पंजीकृत गैर-BS6 वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा यात्री बसों और भारी मालवाहक ट्रकों की आवाजाही पर भी पाबंदियां लागू होंगी. एडवाइजरी में बताया गया है कि दिल्ली में BS6 मानक वाले वाहनों के साथ सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों को ही निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश की अनुमति होगी.

इन रास्तों से कर सकेंगे सफर

दिल्ली होकर दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं. ऐसे वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे अथवा यमुना एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल कर जीरो पॉइंट, परी चौक, कस्बा कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे (EPE) तक पहुंच सकेंगे. इसके बाद वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकते हैं.

पुराने वाहनों पर भी रहेगी सख्ती

एडवाइजरी के अनुसार, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत गौतमबुद्धनगर में 10 साल से अधिक पुराने डीजल और 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध का पालन कराया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. ऐसे वाहनों को जब्त करने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल न करें और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का सहारा लें. यातायात संबंधी जानकारी या किसी परेशानी के लिए नागरिक ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और व्हाट्सएप नंबर 7065100100 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आधिकारिक एक्स हैंडल @noidatraffic के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

ऐसे में दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी है कि वे अपने वाहन के उत्सर्जन मानक और लागू प्रतिबंधों की जानकारी पहले ही जांच लें, ताकि रास्ते में परेशानी, चालान और जाम से बचा जा सके.

नदीम सैफी
नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More