कटिहार में नाश्ते की दुकान पर सिलेंडर ब्लास्ट… 4 मासूमों समेत 5 लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

कटिहार में नाश्ते की दुकान पर सिलेंडर ब्लास्ट… 4 मासूमों समेत 5 लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

Katihar Manihari Cylinder Blast: कटिहार के मनिहारी में नाश्ते की दुकान पर LPG सिलेंडर ब्लास्ट. 4 मासूम बच्चों समेत 5 झुलसे, 2 की हालत गंभीर. कटिहार सदर अस्पताल रेफर.

Katihar News: बिहार के कटिहार जिले स्थित मनिहारी थाना क्षेत्र के बलुआघट्टी में रविवार को एक नाश्ते की दुकान पर भयानक हादसा हो गया. फास्ट फूड दुकान में अचानक एलपीजी (LPG) सिलेंडर फटने से हुए जोरदार धमाके में 4 मासूम बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए. धमाके के तुरंत बाद दुकान में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया है.

बलुआघट्टी स्थित फास्ट फूड दुकान में ग्राहक सुबह का नाश्ता कर रहे थे, तभी अचानक एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया. हादसे में झुलसने वाले लोगों की पहचान अनंत परिहार (35 वर्ष), आयुष कुमार, प्रियांशु, राम और आर्यन कुमार के रूप में हुई है. मेडिकल ऑफिसर के मुताबिक, 35 वर्षीय अनंत परिहार और मासूम बच्चे आयुष कुमार की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है.

मनिहारी अस्पताल में प्राथमिक इलाज, फिर कटिहार सदर अस्पताल रेफर

मनिहारी अनुमंडल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश पराशर ने बताया कि बलुआघट्टी से आग में झुलसे 5 मरीजों को लाया गया था, जिनमें 4 बच्चे और एक व्यस्क शामिल हैं. प्राथमिक इलाज देकर सभी को कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है. स्थानीय लोगों की मदद: धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.

ये भी पढ़ें: जैसलमेर में मां ने 16 साल के बेटे संग किया सुसाइड, आखिरी बार पड़ोसन से की थी फोन पर बात

सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन

हादसे के बाद इलाके के व्यापारियों और निवासियों में भय का माहौल है. सिलेंडर में अचानक रिसाव से आग लगी या कमर्शियल इस्तेमाल में सुरक्षा नियमों की अनदेखी हुई, इसका पता लगाया जा रहा है. मनिहारी थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और हादसे के सटीक कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है.

(कटिहार से करण कुमार की रिपोर्ट)

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More