महाराष्ट्र में SBI बैंक लूटने पहुंचे थे 4 लुटेरे, तभी पहुंची पुलिस… 26 किलो सोना और 12.26 लाख कैश जब्त
महाराष्ट्र के जलगांव में पुलिस ने SBI की भोकर शाखा में करोड़ों की लूट की कोशिश नाकाम कर दी. बैंक के लॉकर तोड़कर 26 किलो सोना और नकदी लूटने आए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
Maharashtra News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की भोकर शाखा में लूट की बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया. बैंक के लॉकर तोड़कर करोड़ों रुपये का सोना और नकदी लूटने पहुंचे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 26 किलोग्राम सोना, 12 लाख 26 हजार 500 रुपये नकद और दो गाड़ियां जब्त की गई हैं. बरामद सोने और नकदी की कुल कीमत करीब 36.48 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इस पूरे मामले की जानकारी जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी.
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की आधी रात के आसपास चारों आरोपी जलगांव तालुका के भोकर स्थित SBI बैंक की शाखा में घुसे थे. आरोपियों ने बैंक के लॉकर तोड़कर कीमती सामान और नकदी लूटने की कोशिश की. हालांकि, बैंक के सिक्योरिटी गार्ड की सतर्कता के चलते उनकी योजना सफल नहीं हो सकी. सिक्योरिटी गार्ड को संदिग्ध गतिविधियों का पता चलते ही मामले की सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया.
26 किलो सोना और दो गाड़ियां जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से करीब 26 किलोग्राम सोना, 12 लाख 26 हजार 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां जब्त की गई हैं. जब्त सोने और नकदी की अनुमानित कीमत 36.48 करोड़ रुपये बताई गई है.
लोगों ने भी की पुलिस की मदद
इस कार्रवाई में पुलिस के साथ स्थानीय लोगों का सहयोग भी अहम रहा. नागरिकों की मदद और पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली. पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी कार्रवाई की जानकारी साझा की. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. इस मामले में वारदात की पूरी साजिश, आरोपियों के नेटवर्क और बैंक को निशाना बनाने के पीछे के मकसद की जांच की जा रही है.




