Etawah News: शराब खरीदने से रोका तो पत्नी से हुआ विवाद, ट्रेन के आगे कूद गया पति; मौत

Etawah News: शराब खरीदने से रोका तो पत्नी से हुआ विवाद, ट्रेन के आगे कूद गया पति; मौत

इटावा जिले में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पत्नी ने रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने धक्का देकर अपनी जान ले ली.

Etawah News: उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दिल्ली पब्लिक स्कूल के पीछे सराय ऐसर गांव के पास रविवार रात पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. पत्नी उसे रोकने के लिए लगातार कोशिश करती रही, लेकिन वह नहीं माना. पत्नी को धक्का देकर रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ा और ट्रेन के सामने कूद गया. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया.

छोटा नगला बाबा निवासी 25 साल के अवधेश पुत्र रामसेवक 27 अक्टूबर से जसवंतनगर क्षेत्र के दोहरेरा तमेरी गांव में अपनी मौसी के घर रह रहा था. रविवार शाम करीब आठ बजे वह पत्नी अंजली के साथ वहां से अपने घर लौटने के लिए निकला था. रास्ते में अवधेश ने शराब खरीद ली. इस पर पत्नी ने उसे शराब लेने से रोका तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

पत्नी के सामने ट्रेन के आगे कूदा युवक

बताया गया कि विवाद के दौरान अवधेश नाराज होकर सराय ऐसर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. पत्नी ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. उसने पत्नी को धक्का दिया और रेलवे ट्रैक की ओर चला गया. इसी दौरान ट्रेन के सामने कूदने से उसकी मौत हो गई.

घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे अवधेश के भाई रवि को मौसी के बेटे भानु प्रताप सिंह के माध्यम से मिली. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया. सोमवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया.

मां का रो-रोकर बुरा हाल

अवधेश की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही औरैया के नारायण नगर निवासी अंजली से हुई थी. वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके बड़े भाई की करीब 15 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी. पिता का भी पहले ही निधन हो चुका है. बेटे की मौत के बाद मां कमलेश देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.

उवैस चौधरी
उवैस चौधरी

उवैस चौधरी को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 13 से अधिक वर्षों का अनुभव है. नेशनल न्यूज चैनल GNN में बतौर स्ट्रिंगर जिला संवाददाता के रूप में उन्होंने करियर की शुरुआत की. उसके बाद APN News, Hindi Khabar, One India.com , Bhaskar.com , Navbharat.com , Republic Bharat Channel, India Daily Live जैसे संस्थानों में रहे. उनकी वीडियो कंटेंट और डिजिटल कंटेंट पर अच्छी पकड़ है. क्राइम और राजनीति की खबरों में दिलचस्पी अधिक हैं. करीब 7 वर्ष तक Bhaskar.com में काम करने के चलते डिजिटल खबरों की अच्छी जानकारी है. भास्कर में बतौर स्टाफ रिपोर्टर भी काम कर चुके हैं. घूमने का शौक रखते हैं. कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है.  वर्तमान में Tv9 डिजिटल में बतौर जिला संवाददाता के रूप कार्यरत हैं.

Read More