राम मंदिर के चंदे से 3 करोड़ की जमीन 24 करोड़ में खरीदी, चंपत राय पर आप नेता संजय सिंह के सनसनीखेज आरोप

राम मंदिर के चंदे से 3 करोड़ की जमीन 24 करोड़ में खरीदी, चंपत राय पर आप नेता संजय सिंह के सनसनीखेज आरोप

अयोध्या में चल रहे विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. संजय सिंह का आरोप है कि ट्रस्ट के नाम पर जमीन की खरीद फरोख्त में जमकर भ्रष्टाचार हुआ हुआ है.

राम मंदिर के चंदे चोरी का मामला गरमाया हुआ है. विपक्षी पार्टियां लगातार राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय पर तरह-तरह के आरोप लगा रही है. अब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने चंपत राय पर बड़ा आरोप लगाया है. संजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर देश के कोने-कोने से मिले चंदे के पैसे से अयोध्या में कम पैसे की जमीन बहुत अधिक रेट में खरीदी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि इस जमीन की खरीद फरोख्त में जमकर भ्रष्टाचार हुआ हुआ है.

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि 2 अप्रैल 2024 को चंपत राय ने अयोध्या में 645 वर्ग मीटर की एक नजूल की जमीन खरीदी थी. इस जमीन की कीमत करीब 2 करोड़ 92 लाख रुपये थी. लेकिन इस जमीन को चंपत राय ने 24 करोड़ में खरीदा था. यानी 3 करोड़ की जमीन को 24 करोड़ रुपये में खरीदा गया. साथ ही इसे खरीदने में देशभर के लोगों द्वारा मंदिर को दान दिए गए पैसों का इस्तेमाल हुआ था. इसी से साफ पता चलता है कि इसका खरीद फरोख्त अवैध रूप से किया गया था.

सरकारी जमीन खरीदने का आरोप

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि 22 जुलाई 2024 को अयोध्या के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट ने पुष्टि की कि खरीदी गई जमीन वास्तव में नजूल (सरकारी) जमीन थी. इससे साफ पता चलता है कि यह सौदा गैर-कानूनी था. संजय सिंह ने बताया कि नजूल जमीन सरकार की जमीन होती है और इसे खरीदा या बेचा नहीं जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि बेचने वाले महंत मुरली दास थे, जो बाबा पूरन दास के शिष्य थे और खरीदने वाले चंपत राय थे, जबकि मिथिलेश्वर नाम के व्यक्ति ने गवाह के तौर पर काम किया.

अखिलेश और विनय कटियार ने भी चंपत को घेरा

इससे पहले, समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी चंपत राय पर निशाना साधा था. अखिलेश यादव ने कहा था कि मंदिर के दान में करोड़ों की हेराफेरी (चोरी) में चंपत राय का अहम रोल है. क्योंकि उनके हाथ में ही मंदिर का सबकुछ था. राम मंदिर आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता विनय कटियार ने भी दान में कथित अनियमितताओं को लेकर चंपत राय पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब डंडा चलेगा तो सब पता चल जाएगा. इस पाप के पीछे कौन है.

अमित कुमार सिंह
अमित कुमार सिंह

पिछले 15 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय, 2008 सितम्बर में नई दुनियां अख़बार दिल्ली से पत्रकारिता शुरू की. अप्रैल 2009 में ज़ी मीडिया जॉइन किया. दिसंबर 2018 तक ज़ी मीडिया में बतौर ब्यूरो चीफ बनारस रहा. जनवरी 2019 से जनतंत्र टीवी में गए और 2021 तक जिम्मेदारी निभाई. रोमिंग जर्नलिस्ट के तौर पर जनतंत्र टीवी के लिए स्पेशल करेस्पोंडेंट की हैसियत से दिल्ली, बिहार-झारखंड और लखनऊ में अपनी सेवाएं दीं. टीवी 9 यूपी का हिस्सा बनने से पहले न्यूज़ नेशन गोरखपुर में बतौर ब्यूरो चीफ़ की भूमिका में रहे. फिलहाल टीवी 9 यूपी (डिजिटल) के लिए बनारस से सेवाएं दे रहे हैं.

Read More