एक दिन में 25 विकेट, 2 हैट्रिक और 13 बल्लेबाज 0 पर आउट, कभी नहीं देखा होगा इतना ड्रामा
भारत के घरेलू टूर्नामेंट के एक चौंकाने वाले मुकाबले में गेंदबाजों का ऐसा कहर बरपा कि बल्लेबाजों के लिए क्रीज पर जमे रहना ही मुश्किल हो गया. ये मैच डेढ़ दिन के अंदर ही खत्म हो गया, जो रणजी ट्रॉफी इतिहास का सबसे छोटा मैच भी साबित हुआ.
हेडलाइन पढ़कर ही हैरानी और उत्सुकता होना स्वाभाविक है. क्रिकेट के लंबे इतिहास में कई मैच ऐसे हुए हैं, जिनमें खूब ड्रामा हुआ है. वर्ल्ड कप 2019 का फाइनल कौन भूल सकता है, जिसमें पहले तो मैच टाई हुआ और फिर सुपर ओवर में भी स्कोर बराबर हो गया. ऐसे ही कई मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें विकेट का पतझड़ लगा है. मगर जैसा नजारा रणजी ट्ऱॉफी 2025-26 सीजन के एक मुकाबले में देखने को मिला, वो हाल के सालों में शायद ही किसी ने देखा होगा और ये हुआ असम-सर्विसेज के मैच में.
असम के तिनसुकिया में खेले गए इस मुकाबले का फैसला सिर्फ 2 दिन के अंदर हो गया और ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि बल्लेबाजों के लिए इस मैदान की पिच किसी कब्रगाह जैसी साबित हुई. शनिवार 25 अक्टूबर को शुरू हुआ ये मुकाबला दूसरे दिन का खेल पूरा होने से पहले ही खत्म हो गया. दोनों टीम के गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि पहले दिन ही 25 विकेट गिर गए और ये सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा.
एक ही पारी में 2 हैट्रिक
इसकी शुरुआत सर्विसेज की ओर से हुई, जो मैच में पहले बॉलिंग कर रही थी. सिर्फ 19 गेंदों के अंदर 2 विकेट गिर गए थे. इसके बाद वो हुआ, जो रणजी ट्ऱॉफी के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ. 12वें ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर अर्जुन शर्मा ने लगातार 3 विकेट लेकर हैट्रिक पूरी कर ली. असम की पारी संभली भी नहीं थी कि तेज गेंदबाज मोहित जांगड़ा ने 15वें और 17वें ओवर में मिलाकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली. ये पहला मौका था जब एक ही पारी में 2 गेंदबाजों ने हैट्रिक ली थी.
A first in Ranji Trophy ☝
Arjun Sharma



