The 50 Winner Exclusive: क्या ‘किंग मेकर’ प्रिंस के दम पर जीते शिव? निक्की तंबोली के आरोपों पर दिया करारा जवाब

The 50 Winner Exclusive: क्या ‘किंग मेकर’ प्रिंस के दम पर जीते शिव? निक्की तंबोली के आरोपों पर दिया करारा जवाब

Shiv Thakare Exclusive Interview: 'द 50' की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद शिव ठाकरे ने टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ हुई खास बातचीत में प्रिंस नरूला के 'त्याग' और मिस्टर फैजू के साथ फिनाले में हुई 'नाइंसाफी' पर बेबाकी से जवाब दिया है. साथ ही निक्की तंबोली संग अपने झगड़े पर भी उन्होंने बड़ा खुलासा किया.

Shiv Thakare Exclusive Interview: कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार के सबसे धमाकेदार रियलिटी शो ‘द 50’ को अपना पहला ‘सुल्तान’ मिल गया है. ‘मराठी बिग बॉस’ की ट्रॉफी उठाने के बाद अब शिव ठाकरे ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए ‘द 50’ की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है. लेकिन इस जीत के साथ ही सोशल मीडिया पर जंग छिड़ गई है. क्या शिव की जीत में प्रिंस नरूला का ‘दिमाग’ ज्यादा था? क्या मिस्टर फैसू (Faisu) के साथ फिनाले में सरेआम नाइंसाफी हुई? इन तमाम तीखे और कड़वे सवालों का जवाब खुद शिव ठाकरे ने टीवी9 हिंदी डिजिटल को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में दिया है.

शिव, सबसे पहले तो जीत की बहुत-बहुत बधाई! जब ‘द लायन’ ने आपका नाम पुकारा, तो उस वक्त दिमाग में क्या चल रहा था?

शिव ठाकरे का जवाब: (लंबी सांस लेते हुए) सच कहूं तो उस वक्त मेरा पूरा सफर एक फ्लैशबैक की तरह आंखों के सामने घूम गया. जब मराठी बिग बॉस जीता था, तो वो खुशी अलग थी. लेकिन उसके बाद दो-तीन शोज में मैं बिल्कुल जीत के करीब पहुंचकर हार गया था. 2026 की शुरुआत में ही ये ट्रॉफी हाथ में आना… ऐसा लगा जैसे 4 साल का सूखा खत्म हो गया. जब नाम अनाउंस हुआ, तब मुझे वो पल याद आया जब मैं ‘खतरों के खिलाड़ी’ नहीं जीत पाया था और ‘बिग बॉस 16’ में रनर अप रहा था. इस बार मैंने आंखें बंद की थीं और खुद से कहा था, ‘शिवा, इस बार ये तेरी है.’

View this post on Instagram

A post shared by Shiv Thakare (@shivthakare9)

सवाल: जीत की खबर दुनिया से छुपाना कितना मुश्किल था? सुना है आपकी ‘आजी’ (दादी) ने तो कमाल ही कर दिया?

शिव ठाकरे का जवाब: अरे भाई! मेरे पेट में तो गुड़गुड़ हो रही थी. मैं ज्यादा देर तक बातें छुपा नहीं सकता, चेहरे पर स्माइल आ ही जाती है. हमें फिनाले के दिन चारों विनिंग मोमेंट्स शूट करने को कहा गया था, ताकि लीक न हो. कल सुबह जब मुझे ट्रॉफी और चेक के शूट के लिए बुलाया गया, तब मुझे यकीन हुआ कि ‘हां, अब ये मेरी है’.

और आजी की बात मत पूछो! वो इतनी क्यूट हैं. मैं यहां मुंबई में शूट में बिजी था, लेकिन अमरावती में मेरे घर के सामने बड़ी स्क्रीन लगी थी. हमारी पूरी गली भरी हुई थी. जब मेरा नाम अनाउंस हुआ, तो मेरी 80-90 साल की आजी ने जो डांस किया है, वो किसी प्रोफेशनल डांसर से कम नहीं था. वो वीडियो देखकर मेरी आंखें भर आईं. घर वाले मुझसे ज्यादा खुश हैं, उन्हें गर्व है कि उनके ‘शिवा’ ने फिर कर दिखाया.

सवाल: प्रिंस नरूला ने आपको ‘टिकट टू फिनाले’ दिया, जिसे कई लोग ‘खैरात’ कह रहे हैं. एक खिलाड़ी के तौर पर आपको कैसा लगा?

शिव ठाकरे का जवाब: देखिए, सच बोलूं तो एक प्लेयर के तौर पर मुझे भी शुरू में इसे स्वीकार करने में वक्त लगा. हर खिलाड़ी चाहता है कि वो खुद जीतकर, टास्क परफॉर्म करके आगे बढ़े. प्रिंस भाई का फैसला अनएक्सपेक्टेड था. लेकिन उस शो का फॉर्मेट ‘अलायंस’ (गठबंधन) का था. प्रिंस भाई ने अपनी लेगेसी को दांव पर लगाया और अपना हक मुझे दिया. पहले तो मैं बहुत नाराज था, लेकिन फिर मैंने सोचा कि मैं उनके लिए ये ट्रॉफी जीत सकता हूं और मैंने ट्रॉफी जीत ली.

इस जीत की प्राइज मनी किसी गरीब फैन को मिलने वाली थी, जब मुझे ये याद आया, तब मेरा पूरा माइंडसेट बदल गया. मैंने सोचा कि अगर मेरे जीतने से किसी का सपना पूरा होता है, तो मैं अपनी पूरी जान लगा दूंगा. उस आग ने मुझे फिनाले में सबसे तेज बना दिया.

सवाल: अब आते हैं सबसे बड़े विवाद पर. फिनाले में जब मिस्टर फैसू परफॉर्म कर रहे थे, तब प्रिंस की पूरी गैंग उन्हें चिल्लाकर डिस्ट्रैक्ट कर रही थी. क्या आपको लगता है फैजू के साथ ‘अनफेयर’ हुआ?

शिव ठाकरे का जवाब: (गंभीर होते हुए) देखिए, मैं इसे बहुत ईमानदारी से कहूंगा. अगर आप एक प्लेयर (खिलाड़ी) के नजरिए से पूछेंगे, तो हां, फैजू के साथ फिनाले में जो हुआ वो शायद अनफेयर था. खेल के मैदान पर हर किसी को शांति से अपना टास्क करने का हक होना चाहिए. वहां जिस तरह का शोर मचाया गया, वो एक एथलीट या खिलाड़ी की स्पिरिट के खिलाफ था. हालांकि वहां सब लोग शोर मचा रहे थे.

आपको ये समझना चाहिए कि ‘द 50’ सिर्फ फिजिकल टास्क का शो नहीं था, ये दिमागी राजनीति का शो भी था. प्रिंस भाई की अपनी स्ट्रैटेजी थी. हम (फाइनलिस्ट) उस वक्त घर के अंदर थे, हमें नहीं पता था कि बाहर एरीना में क्या चीख-पुकार मच रही है. मैंने खुद बाद में एपिसोड देखा तो मुझे अहसास हुआ कि वहां क्या-क्या हुआ था और इससे पहले कई बार अनफेयर तरीके से फैजू और रजत की टीम ने हमारे अच्छे खिलड़ियों को बाहर कर दिया है.

View this post on Instagram

A post shared by Shiv Thakare (@shivthakare9)

सवाल: फैजू आपसे गले मिले, क्या उनके मन में कोई कड़वाहट थी?

शिव ठाकरे का जवाब: बिल्कुल नहीं! फैजू एक हीरा इंसान है. हम चारों (फाइनलिस्ट) जब बैठे थे, तो हम सिर्फ ये बात कर रहे थे कि जो भी जीते, ट्रॉफी अपने ग्रुप में आनी चाहिए. फैजू के दिल में कोई जलन नहीं है. वो मेरे लिए खुश था और मैं उसके लिए. रियलिटी शो खत्म हो जाते हैं, लेकिन ऐसी दोस्ती उम्र भर चलती है.

सवाल: निक्की तंबोली ने आप और प्रिंस पर काफी गंभीर आरोप लगाए, खासकर फिजिकल फाइट और लिप फिलर्स वाले कमेंट्स पर, क्या रिश्ता खत्म हो गया?

शिव ठाकरे का जवाब: शो के अंदर प्रेशर कुकर जैसा माहौल होता है. गालियां भी चलीं और धक्का-मुक्की भी हुई. निक्की को लगा कि उसे ट्रिगर किया गया, मुझे लगा कि उसने लाइन क्रॉस की. लेकिन मैं पुरानी बातें ढोकर नहीं चलता. हम फिनाले के बाद बाहर मिले, नॉर्मल बात हुई और सब सॉर्ट आउट हो गया. फिनाले में वो मुझे चीयर भी कर रही थीं. अब हर इवेंट में हमें ‘द 50’ की गैंग बनकर ही दिखना है, तो मुंह टेढ़ा करके कब तक घूमेंगे? लाइफ बहुत छोटी है यार, गंदी एनर्जी लेकर काम नहीं होता.

सवाल: सौरव गाडगे और डिंपल सिंह जैसे आपके पुराने दोस्त आपसे नाराज हैं कि आपने उन्हें वोट आउट होने से नहीं बचाया?

शिव ठाकरे का जवाब: सौरव मेरा छोटा भाई है, लेकिन ये गेम था. मैं अकेला सबको नहीं बचा सकता था. डिंपल के लिए मुझे बहुत बुरा लगा, क्योंकि मेरे वोट के बावजूद वो नहीं बच पाई. कुछ चीजें मेरे हाथ में नहीं थीं. जब आप दो बड़े अलायंस के बीच फंसे होते हैं, तो आप सबको खुश नहीं कर सकते. जो टॉप 5 में पहुंचे वो खुश हैं, जो कट गए वो नाराज. ये तो गेम का हिस्सा है.

View this post on Instagram

A post shared by Shiv Thakare (@shivthakare9)

सवाल: ‘The 50’ के बाद शिव ठाकरे का अगला बड़ा कदम क्या है? क्या हम आपको फिल्मों में देखेंगे?

शिव ठाकरे का जवाब: (आंख मारते हुए) भाई, थोड़ा इंतजार कीजिए! एक बहुत बड़ा फ्लेक्स (होर्डिंग) मुंबई की सड़कों पर लगने वाला है. लोग अक्सर कहते हैं कि जो रियलिटी शोज करते हैं वो एक्टिंग नहीं कर सकते. मैं उन सबके मुंह बंद करने के लिए तैयार हूं. कुछ बहुत बड़ा और सरप्राइजिंग आने वाला है बस इतना समझ लीजिए कि 2026 ‘शिव ठाकरे’ का साल होने वाला है. मेरा नया ब्रांड ‘अमरा’ भी लॉन्च हो चुका है और अब एक्टिंग की बारी है.