मलयालम आ चुकी है, तुम्हारी पिक्चर कौन देखेगा?’ तब्बू ने याद किया ‘दृश्यम 2’ की रिलीज का डर, दोस्तों ने खड़े किए थे सवाल!
'दृश्यम 2' की रिलीज से पहले बुरी तरह डरी हुई थीं तब्बू. जब दोस्तों ने कहा कि 'ओटीटी पर सब देख चुके हैं, हिंदी कौन देखेगा?' फिर कैसे बदले बॉक्स ऑफिस के तेवर, एक्ट्रेस ने सुनाया किस्सा.
सिनेमा का इतिहास गवाह है कि जब कोई कहानी पहले ही किसी दूसरी भाषा में ब्लॉकबस्टर हो चुकी हो और ओटीटी के जरिए देश के कोने-कोने में पहुंच चुकी हो, तो उसके रीमेक पर करोड़ों का दांव लगाना किसी जुए से कम नहीं होता. आज जब ‘दृश्यम 3’ यानी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त कौतूहल है, तब तब्बू ने उस दौर को याद किया है जब ‘दृश्यम 2’ थिएटर में उतरने जा रही थी. तब्बू ने खुलासा किया है कि ‘दृश्यम 2’ की रिलीज के वक्त वो खुद इस बात को लेकर बेहद डरी हुई थीं कि क्या वाकई कोई हिंदी वर्जन देखने थिएटर्स का रुख करेगा?
ये वो दौर था जब देश कोरोना महामारी के झटके से धीरे-धीरे उबर रहा था. बॉलीवुड की बड़ी-बड़ी फिल्में औंधे मुंह गिर रही थीं और सिनेमा के वजूद पर ही सवालिया निशान लग चुके थे. उस पर सबसे बड़ा पेंच यह था कि मोहनलाल स्टारर ओरिजिनल मलयाली ‘दृश्यम 2’ पहले ही ओटीटी पर रिलीज होकर पूरे देश में तहलका मचा चुकी थी. हिंदी बेल्ट के ज्यादातर दर्शकों ने सबटाइटल्स के साथ वह क्लाइमेक्स पहले ही देख लिया था.
घबरा गई थीं तब्बू
तब्बू ने उस घबराहट को याद करते हुए कहा,”जब दूसरा पार्ट रिलीज होने वाला था, तब महामारी का दौर खत्म ही हुआ था. ऊपर से मलयाली वर्जन पहले ही आ चुका था. मेरे अपने कुछ करीबी दोस्त ही मुझसे कहने लगे थे,’अरे, वो तो आ चुकी है, तुम लोगों की पिक्चर थिएटर में कौन देखने जाएगा?’ तब्बू ने ईमानदारी से माना कि दोस्तों की इन बातों ने उनके दिल में गहरा डर बैठा दिया था. वो लगातार सोच रही थीं कि जब कहानी का सस्पेंस पहले ही सबको मालूम है, तो लोग टिकट की लाइन में क्यों लगेंगे? तब्बू आगे बोलीं कि मेरे लिए यह वाकई बहुत चिंता की बात थी. मुझे लग रहा था कि शायद यहां कोई इसे देखने नहीं जाएगा। लॉकडाउन के दौरान लगभग हर किसी ने मलयाली फिल्म देख ली थी. मैं बस चुपचाप इंतजार कर रही थी कि क्या सच में कोई नहीं जाएगा या कुछ चमत्कार होगा. उस वक्त मेरा दिमाग पूरी तरह संशयों के बादलों से घिरा हुआ था.
हालांकि जब फिल्म पर्दे पर उतरी, तो अजय देवगन और तब्बू की अदाकारी ने वो करिश्मा कर दिखाया जिसने ट्रेड पंडितों से लेकर तब्बू के उन दोस्तों तक के मुंह पर ताला लगा दिया.
‘दृश्यम 4’ की उम्मीद
‘दृश्यम’ के इसी बेपनाह प्यार की वजह से तब्बू आज भी इस फ्रेंचाइजी को दिल से विदा करने को राजी नहीं हैं. उनका कहना है कि इस किरदार की गंभीरता और स्क्रीन पर मिलने वाले इमोशंस का कैनवस इतना बड़ा है कि इसे छोड़ना आसान नहीं. तब्बू ने हंसते हुए एक दिलचस्प बात कही,”मैं इसे तब तक अलविदा नहीं कह रही, जब तक कुमार मंगत जी और अभिषेक पाठक मुझे कागज पर लिख कर न दे दें कि अब यह दोबारा कभी नहीं बनेगी. तब जाकर हम यकीन करेंगे! वरना क्या पता, कल को कुमार जी का फोन आ जाए और वो कहें,’तब्बू, अभिषेक ने पार्ट 4 के लिए एक आउटस्टैंडिंग थॉट निकाल लिया है!'”
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को थिएटर में दस्तक देने जा रही है. इस बार अजय देवगन और तब्बू के साथ जयदीप अहलावत, श्रिया सरन, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे दिग्गज कलाकार सस्पेंस के इस आखिरी चक्रव्यूह को सुलझाते नजर आएंगे.




