The Odyssey: क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ ने भारत में जड़ा ‘शतक’, 7 दिन बाद भी नहीं थम रहा तूफान, अब कितने कमाए?
The Odyssey Box Office: इस वक्त थिएटर्स में थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नेता' लगी हुई है. जिसे लेकर उम्मीद थी कि पहले दिन जबरदस्त ओपनिंग होगी, पर यह पिक्चर भी रिलीज के बाद क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' को नहीं हिला पाई है. 7 दिनों में फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. जानिए कहां से कितने छापे हैं?
The Odyssey Box Office: क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ ने न सिर्फ दुनियाभर में, बल्कि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर भी धुआं उठाया हुआ है. फिल्म को शुरुआत से अबतक शानदार रिस्पॉन्स मिला है. पिक्चर लगातार अच्छी कमाई कर रही है, साथ ही बॉलीवुड और साउथ फिल्मों को काफी नुकसान पहुंचाती नजर आई है. अब थलपति विजय की ‘जन नेता’ को ही देख लीजिए. बीते दिन वो फिल्म रिलीज हुई है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है. पर उम्मीद थी कि एक्टर की आखिरी फिल्म 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग करेगी. खैर, ‘जन नेता’ के आने के बाद भी ‘द ओडिसी’ को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है. फिल्म का इंडियन ग्रॉस कलेक्शन 107.22 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यानी भारत में फिल्म ने शतक मारा है.
सैकनिल्क की रिपोर्ट सामने आ गई है. जिसके मुताबिक, क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ ने सातवें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस से 6.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. साथ ही टोटल शोज की संख्या बीते दिन 11,111 रही और ऑक्यूपेंसी रेट भी 33.9 परसेंट रहा है. दरअसल फिल्म ने इंग्लिश में बीते दिन 5 करोड़ का बिजनेस किया, जहां ऑक्यूपेंसी 57 परसेंट रही और टोटल 5,651 शोज बुक हुए थे. जबकि, हिंदी से 85 लाख रुपये कमाए और टोटल शोज 4,372 रहे. जबकि, तमिल से 5 लाख और तेलुगु से 25 लाख का बिजनेस हुआ है. दरअसल तमिल का ऑक्यूपेंसी रेट हिंदी से भी अच्छा रहा है.
पिछले दिन बिजनेस में कितनी कमी आई?
दरअसल जहां बुधवार को टोटल कमाई भारत से 6.50 करोड़ रुपये थी, वो बीते दिन यानी गुरुवार को बस 6.15 करोड़ रुपये रह गई थी. जिसके चलते कुल कारोबार में 5.4 परसेंट की कमी आई. जबकि, भारतीय नेट कलेक्शन अब 90.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. उम्मीद है कि वीकेंड में 100 करोड़ यहां से भी पूरे हो जाएंगे. जब फिल्म रिलीज हुई थी, तब 17.40 करोड़ का कारोबार किया था. जिसके बाद दूसरे दिन- 22 करोड़, तीसरे दिन-21.90 करोड़, चौथे दिन-8 करोड़ का कलेक्शन हुआ है. वहीं, पांचवें दिन- 8.25 करोड़, छठे दिन- 6.50 करोड़ और सातवें दिन कमाई 6.15 करोड़ रुपये रही है. अच्छी बात है कि अब भी फिल्म 5 करोड़ रुपये से ज्यादा ही कमा रही है.
‘द ओडिसी’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बुधवार को 18.05 मिलियन डॉलर की जबरदस्त कमाई की है. जो कलेक्शन मंगलवार के 21.4 मिलियन डॉलर से सिर्फ 16 परसेंट कम था. बीते दिन क्रिस्टोफर नोलन के लिए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर दूसरा सबसे अच्छा बुधवार साबित हुआ. इससे पहले 23 जुलाई, 2008 को ‘द डार्क नाइट’ ने 18.3 मिलियन डॉलर कमाए थे. फिल्म ने अबतक दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस से 300 मिलियन डॉलर यानी 2,895 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है.




