Women’s World Cup 2025: युवराज सिंह की बात को स्मृति मंधाना ने बनाया हथियार, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से क्या डरना?

Women’s World Cup 2025: युवराज सिंह की बात को स्मृति मंधाना ने बनाया हथियार, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से क्या डरना?

Women's World Cup 2025 Semifinal: युवराज सिंह की बात मानकर स्मृति मंधाना ने आगे बढ़ने की ठानी है. और, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में वो ऐसा करती भी दिख रही हैं. देखना बस ये है कि सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलियाई चुनौती से वो कैसे निपटती हैं.

IND vs AUS, Women’s World Cup 2025 Semifinal: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की टक्कर ऑस्ट्रेलिया से है. सबके जहन में यही सवाल है कि ऑस्ट्रेलिया, जो कि वर्ल्ड कप में पिछले 15 मैचों से लगातार अजेय है, भारतीय टीम उसे हराएगी कैसे? और, ऐसा करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कैसे कटाएगी? बेशक, कागजों पर ऑस्ट्रेलिया बीस है. लेकिन, क्रिकेट अनिश्चताओं का खेल है, जिसमें किसी भी दिन पर कुछ भी हो सकता है. भारत ही वो टीम है, जिसने महिला वर्ल्ड कप 2017 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था. तो 8 साल बाद अगर इतिहास खुद को दोहराता दिखता है, तो उसमें हैरान होने की बात नहीं. और, खासकर तब तो बिल्कुल भी नहीं जब भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को युवराज सिंह की बताई बात को अपना हथियार बनाकर खेल रही हों. वैसे भी स्मृति को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े स्कोर करना पसंद है.

युवराज की ये बात बनी स्मृति के लिए हथियार

स्मृति मंधाना ने जतिन सप्रू को दिए इंटरव्यू में युवराज सिंह की बताई बातों का खुलासा किया. उन्होंने कहा कि महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के शुरू होने से पहले जब युवराज भइया उनसे मिले थे, तो उन्होंने यही कहा था कि उम्मीदों को कंधे पर नहीं रखना है, बस अपना गेम खेलना है. मतलब, ये कि 140 करोड़ हिंदुस्तानियों की उम्मीदों का बोझ तो होगा, मगर क्रिकेट फील्ड पर उन्हें उसके बारे में ना सोचकर, सिर्फ अपने गेम के बारे में सोचना चाहिए.

स्मृति मंधाना ने बताया कि एक खिलाड़ी के तौर पर तुम्हारी क्या उम्मीदें हैं, तुम उसके बारे में सोचो और बस उसे पूरा करने की कोशिश करो. तुम अपनी टीम की सोचो, उसके लिए खेलो. अगर तुमने ये सब कर लिया तो समझो वो जो उम्मीदों का बोझ है, वो भी अपने आप पूरा हो जाएगा.

टीम को सेमीफाइनल तक लाने में अहम भूमिका

युवराज सिंह की उन बातों को ध्यान में रखकर खेलते हुए स्मृति मंधाना अपनी टीम को महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल तक तो ले आई है. यहां तक टीम को लाने में वो एक शतक के साथ 300 प्लस रन भी बना चुकी हैं. मगर अभी काम पूरा नहीं हुआ. क्योंकि अब सेमीफाइनल में सामने ऑस्ट्रेलिया है, जिसके खिलाफ स्मृति मंधाना टीम की बड़ी उम्मीद हैं. और, वो क्यों उसे उनके आंकड़ों से जान समझ लीजिए.

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया… स्मृति हैं ना

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मृति मंधाना अपने 1000 वनडे रन पूरे करने से बस 4 रन दूर हैं. उन्होंने अब तक 20 वनडे में 49.80 की औसत से 996 रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाए हैं, जिसमें 4 शतक शामिल रहे हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे की पिछली पांच पारियों में फिफ्टी प्लस स्कोर किया है. मतलब, उनका हालिया फॉर्म भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जबरदस्त है. युवराज सिंह की बातों को गुरुमंत्र बना चुकी स्मृति मंधाना के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया फॉर्म को देखते हुए ही कहना गलत नहीं होगा- सेमीफाइनल से डरना क्या?