17 जट्ट सिख-11 दलित और 4 महिलाएं… AAP की पहली लिस्ट में किस जाति के कितने? जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी मिला टिकट
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है. लिस्ट में जातीय समीकरणों का खास ध्यान रखा गया है. जिसमें 17 जट्ट सिख और 11 दलित उम्मीदवार शामिल हैं.
पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी ने आज शनिवार (31 अक्टूबर) को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी. इस लिस्ट में 4 महिलाओं के नाम भी शामिल हैं. लिस्ट में पार्टी ने सामाजिक और जातीय समीकरणों को साधते हुए टिकटों का बंटवारा किया. पार्टी ने जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी टिकट दिया. आइए जानते हैं कि AAP की पहली लिस्ट में किस जाति के कितने लोगों को टिकट दिया गया है.
आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की सूची जारी की. इसमें मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान धुरी सीट से फिर से चुनाव लड़ेंगे. मान सहित इन 40 नामों की घोषणा पार्टी की ‘पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी’ (PAC) की बैठक के बाद की गई.
जातीय समीकरण को साधने की कोशिश
AAP ने उम्मीदवारों के चयन में जातीय समीकरण को साधने की पूरी कोशिश की है. पार्टी ने जट्ट सिख, दलित (SC) और महिलाओं को जगह दी है. पार्टी की पहली लिस्ट में 17 जट्ट सिख, 11 दलित और अनुसूचित जाति से जुड़े, 4 महिला उम्मीदवार और 8 हिंदू और अन्य वर्ग से जुड़े उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं.
जट्ट सिख: 17 उम्मीदवार दलित (SC): 11 उम्मीदवार महिलाएं: 4 उम्मीदवार
संजीव अरोड़ा का नाम शामिल
इस सूची की सबसे बड़ी और चर्चित घोषणाओं में से एक कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम है, जिन्हें आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर लुधियाना वेस्ट (Ludhiana West) विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. संजीव अरोड़ा वर्तमान में कथित जीएसटी धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े प्रवर्तन निदेशालय (ED) के एक मामले में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं. पार्टी ने उन पर अपना भरोसा बरकरार रखा है. 2022 में लुधियाना वेस्ट से गुरप्रीत गोगी AAP के उम्मीदवार थे. उनके निदन के बाद उपचुनाव में संजीव अरोड़ा यहां से जीते थे वहीं एक बार फिर से उन्हें टिकट मिल गया है.
AAP announces first list of 40 candidates for upcoming Punjab Assembly elections. https://t.co/02dh1mfVuG
— ANI (@ANI) October 31, 2026
पारंपरिक सीट धूरी से चुनाव लड़ेंगे मान
भगवंत मान पंजाब के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं और राज्य में आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा हैं. वे संगरूर लोकसभा सीट से दो बार सांसद भी रह चुके हैं. अरविंद केजरीवाल पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि भगवंत मान की अगुवाई में ही आने वाला पंजाब विधानसभा चुनाव पार्टी लड़ेगी. मान एक बार फिर अपनी पारंपरिक सीट धूरी से ही चुनाव लड़ेंगे. 2022 वो धूरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे और उन्होंने कांग्रेस के दलबीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के भारी अंतर से मात दी थी मान को कुल 82,592 वोट (64.69% वोट शेयर) मिले थे. वह जट्ट सिख परिवार से संबंध रखते हैं.
मोगा से अमनदीप कौर अरोड़ा
AAP ने मोगा से अमनदीप कौर अरोड़ा को एक बार फिर से मैदान नें उतारा है. वो मोगा क्षेत्र की मौजूदा विधायक हैं और पेशे से एक डॉक्टर हैं. 2022 में मोगा सीट पर उन्होंने अभिनेता सोनू सूद की बहन और कांग्रेस उम्मीदवार मालविका सूद को 20,915 वोटों के अंतर से हराया था.
बलजिंदर कौर तलवंडी साबो से फिर मैदान में
आम आदमी पार्टी की विधायक और पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता बलजिंदर कौर तलवंडी साबो से एक बार फिर से चुनावी मैदान नें उतरेंगी. उन्होंने 2022 में तलवंडी साबो सीट से शिरोमणि अकाली दल के कद्दावर नेता जीतमोहिंदर सिंह सिद्धू को 15,252 वोटों के अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की थी. बलजिंदर कौर सिख महिला वर्ग का एक बड़ा चेहरा हैं. मालवा क्षेत्र के सिख समुदाय में उनकी गहरी पैठ है. इस सीट पर लगातार दो वो बार जीत चुकी हैं. ऐसे में एक बार फिर से पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है.
ईशांक कुमार को दिया टिकट
चब्बेवाल से आम आदमी पार्टी ने ईशांक कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वो होशियारपुर के आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. राजकुमार चब्बेवाल के बेटे हैं. 2024 के विधानसभा उपचुनाव में इस सीट से जीते थे और AAP की जीत के बाद क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत हुई. इस बार पार्टी ने युवा चेहरे के रूप में ईशांक कुमार पर भरोसा जताया है.
जय किशन रोड़ी गढ़शंकर से लड़ेंगे चुनाव
पंजाब विधानसभा के वर्तमान डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी गढ़शंकर से मैदान में उतर रहे हैं. वो दोआबा क्षेत्र के प्रमुख दलित चेहरों में से एक हैं. 2022 में गढ़शंकर सीट से कांग्रेस के अमरप्रीत सिंह लाली को उन्होंने बेहद कड़े मुकाबले में 4,179 वोटों के अंतर से हराया था और लगातार दूसरी बार विधायक बने थे. डिप्टी स्पीकर का संवैधानिक पद बेहतर तरीके से संभालना और दोआबा क्षेत्र में पार्टी के पुराने वफादार कैडर को बांधकर रखना उन्हें खास बनाती है. कड़े मुकाबले वाली सीट पर उनकी व्यक्तिगत पकड़ है.
मनजीत सिंह बिलासपुर प्रमुख दलित चेहरा
मंजीत सिंह बिलासपुर मालवा क्षेत्र के एक प्रमुख दलित चेहरा है वो लगातार दो बार के विधायक रहे. उन्होंने निहाल सिंह वाला रिजर्व सीट से शिरोमणि अकाली दल के बलदेव सिंह मानोके को 37,984 वोटों के बड़े अंतर से मात दी थी. लगातार दो बार चुनाव जीतने का बैक रिकॉर्ड और ग्रामीण एवं मजदूर समुदाय के बीच उनकी गहरी पकड़ है.
अमनशेर सिंह को भी मिला टिकट
अमनशेर सिंह (शेरी कलसी) पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकारी अध्यक्ष (State Working President) हैं और पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए उन्हें बटाला विधानसभा सीट से दोबारा अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं तरनतारन में कश्मीर सिंह सोहल के देहांत के बाद हरमीत सिंह उपचुनाव जीते थे. पार्टी ने हरमीत सिंह को एक बार फिर टिकट दिया है.




