हॉन्ग कॉन्ग ने बांग्लादेश को चौके-छक्कों के लिए तरसाया, लिटन दास ने जैसे-तैसे दिलाई जीत
बांग्लादेश ने एशिया कप 2025 में जीत के साथ शुरुआत की. उन्होंने हॉन्ग कॉन्ग को 7 विकेट से हराया. इस मैच में लिटन दास ने बांग्लादेश के लिए एक कप्तानी पारी खेली. वहीं, हॉन्ग कॉन्ग की ओर से काफी कसी हुई गेंदबाजी देखने को मिली.
एशिया कप 2025 का तीसरा मैच बांग्लादेश और हॉन्ग कॉन्ग की टीमों के बीच खेला गया. अबू धाबी के जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश की टीम जीत हासिल करने में कामयाब रही. लेकिन बांग्लादेश को ये मैच अपने नाम करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी. हॉन्ग कॉन्ग की ओर से काफी कसी हुई गेंदबाजी देखने को मिली, लेकिन लिटन दास ने बांग्लादेश के लिए एक कप्तानी पारी खेली और टीम को जीत कर पहुंचाया.
हॉन्ग कॉन्ग को 144 रन पर रोका
बांग्लादेश ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और वह हॉन्ग कॉन्ग की टीम को एक बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में कामयाब रही. हॉन्ग कॉन्ग की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 143 रन ही बना सकी. इस दौरान निजाकत खान ने 40 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. वहीं, जीशान अली ने भी 30 रनों का योगदान दिया. कप्तान यासिम मुर्तजा भी 28 रन बनाने में कामयाब रही. लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका.
बांग्लादेश की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली. तंजीम हसन साकिब ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 21 रन खर्च किए और 2 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. तस्कीन अहमद और रिशाद हुसैन भी 2-2 विकेट अपने नाम करने में कायमाब रहे. मुस्तफिजुर रहमान और महेदी हसन ने भी किफायती गेंदबाजी की, हालांकि वह विकेट हासिल नहीं कर सके.
लिटन दास ने खेली कप्तानी पारी
बांग्लादेश 144 रन का टारगेट आसान नहीं रहा. बांग्लादेश ने पावरप्ले में ही 2 विकेट गंवा दिए. इसके बाद लिटन दास और तौहीद हृदॉय ने टीम को जीत तक पहुंचाया. लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों को 1-1 रन के लिए तरसना पड़ा. हॉन्ग कॉन्ग ने काफी कसी हुई गेंदबाजी की और बांग्लादेश को बाउंड्रीज लगाने से रोका. लिटन दास ने 39 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली, लेकिन वह इस दौरान सिर्फ 6 चौके और 1 छक्का ही लगा सके. दूसरी ओर तौहीद हृदॉय ने 36 गेंदों पर 35 रनों की नाबाद पारी में सिर्फ 1 चौका ही लगाया. बांग्लादेश ने इस टारगेट को 17.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल किया. इस दौरान पूरी टीम 10 चौके ही लगा सकी और सिर्फ 2 छक्के देखने को मिले.



