तिब्बत में 7 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 16 लोगों की मौत, 54 घायल; ढह गए 339 घर

तिब्बत में 7 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 16 लोगों की मौत, 54 घायल; ढह गए 339 घर

चीन के तिब्बत में 7 तीव्रता के भूकंप से 16 लोगों की मौत और 54 घायल हुए हैं. नागचू शहर में 339 घर ढह गए. 1,600 से ज्यादा लोग राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं.

चीन के तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज भूकंप आया. इसकी तीव्रता 7 मापी गई. भूकंप में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 54 लोग घायल हुए हैं. इसके कारण उत्तरी तिब्बत के नागचू शहर में सैकड़ों घर ढह गए. चीन के सरकारी मीडिया ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी. नागचू शहर के मीडिया कार्यालय के मुताबिक, भूकंप से कम से कम 339 घर और जानवरों को रखने वाले 20 शेड गिर गए. इलाके में राहत और बचाव का काम जारी है. बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने और प्रभावित परिवारों की मदद करने में जुटे हैं.

भूकंप के बाद लोकल काउंटी के 1,600 से ज्यादा लोगों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है. प्रभावित लोगों के लिए 1,000 अस्थायी घर और करीब 3,000 टेंट भेजे गए हैं. इसके अलावा फोल्डिंग बेड, टॉर्च और सर्दियों में पहनने वाले कपड़े भी पहुंचाए गए हैं. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इलाके के कुछ हिस्सों में संचार सेवाएं बंद हो गई हैं. स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाके से गुजरने वाली ट्रेनों को रोकने के लिए आपात कदम उठाए हैं.

चट्टानें गिरने से सड़क बंद, बर्फबारी की आशंका

भूकंप के कारण पहाड़ों से चट्टानें गिरने की घटनाएं भी हुई हैं. इससे नेशनल हाईवे-317 का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है. इस सड़क पर सिर्फ आपात सेवाओं, राहत और बचाव दलों और सरकारी मदद पहुंचाने वाले वाहनों को जाने की अनुमति है. सड़क से मलबा हटाने का काम चल रहा है. शिन्हुआ के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक भूकंप प्रभावित इलाके में रुक-रुककर बर्फबारी हो सकती है. इससे राहत और बचाव कार्य में परेशानी बढ़ने की आशंका है.

पांच साल में सबसे बड़ा भूकंप

चीन के सरकारी टीवी चैनल CCTV के मुताबिक, यह पिछले पांच साल में इस इलाके में आया सबसे बड़ा भूकंप है. अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक रात 10 बजकर 33 मिनट पर आया. इसका केंद्र नागचू से 191 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में था. यह इलाका ऊंचाई पर और कम आबादी वाला है. भूकंप जमीन से 18 किमी नीचे आया. नागचू, तिब्बत की राजधानी ल्हासा से 300 किमी से ज्यादा उत्तर में स्थित है.

यह भी पढ़ें: I Day पर मशाल जलाने का न्योता… नेतन्याहू ने की PM मोदी से बात

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More