‘शोएब इब्राहिम से शादी के लिए इस्लाम नहीं अपनाया’…दीपिका कक्कड़ को लेकर को-स्टार का खुलासा

‘शोएब इब्राहिम से शादी के लिए इस्लाम नहीं अपनाया’…दीपिका कक्कड़ को लेकर को-स्टार का खुलासा

दीपिका कक्कड़ इस्लाम कबूल कर चुकी हैं ये तो सब जानते हैं. दावा किया जाता है कि एक्ट्रेस ने शोएब इब्राहिम से शादी के लिए ये फैसला लिया था. लेकिन सच कुछ और है जो हम इस आर्टिकल में बताने जा रहे हैं.

टीवी एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने ‘ससुराल सिमर का’ से घर-घर में पहचान बनाई. इसके बाद वह टीवी की सफल एक्ट्रेस में शामिल हो गईं और अब एक मशहूर यूट्यूबर भी हैं. इस वक्त एक्ट्रेस अपने बेटे को सारा टाइम दे रही हैं. वहीं, यूट्यूब व्लॉग के जरिए फैंस के साथ भी जुड़ी रहती हैं. दीपिका ने साल 2018 में अपने को-एक्टर शोएब इब्राहिम से शादी की थी. लेकिन तब ये खबरें खूब चली थीं कि दीपिका ने शादी के लिए इस्लाम धर्म अपना लिया है. इतना ही नहीं उन्होंने अपना नाम बदलकर फैजा इब्राहिम रख लिया है. लेकिन अब ससुराल सिमर का में दीपिका के साथ काम करने वाली एक्ट्रेस जयति भाटिया ने एक बड़ा दावा किया है.

जयति ने खुलासा करते हुए बताया है कि दीपिका ने शादी के लिए इस्लाम धर्म नहीं अपनाया था. जी हां. एक्ट्रेस ने कहा है कि दीपिका ने धर्म परिवर्तन तो जरूर किया. लेकिन उन्होंने ये फैसला शोएब से शादी करने के लिए नहीं बल्कि मानसिक शांति के लिए लिया था.

ये भी पढ़ें: Raaka: अब मैटरनिटी ब्रेक लेंगी दीपिका पादुकोण! राका के लिए कब शूट करेंगी अपना आखिरी शेड्यूल?

क्या शोएब से शादी के लिए दीपिका ने अपनाया इस्लाम?

सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में जयति भाटिया ने बताया कि ‘ससुराल सिमर का’ के पहले सीजन के दौरान ही दीपिका और शोएब एक-दूसरे के करीब आने लगे थे. उन्होंने कहा, “सब जानते हैं कि दीपिका जो भी करती हैं, उसमें अपना 100 प्रतिशत देती हैं. जब वह शोएब के साथ रिश्ते में आईं, तब भी उन्होंने इस रिश्ते को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का फैसला किया.”

अजमेर शरीफ जाने के बाद लिया फैसला

जयति ने बताया कि शो खत्म होने के बाद दीपिका ने कुछ रियलिटी शोज किए और फिर शादी कर ली.बाद में जब उन्होंने दीपिका से धर्म परिवर्तन के बारे में पूछा, तब उन्हें असली वजह पता चली. जयति ने कहा, “मैंने उनसे पूछा था कि क्या उन्होंने शादी की वजह से धर्म बदला है? उन्होंने साफ कहा कि नहीं. उस समय वह अपनी जिंदगी के एक मुश्किल दौर से गुजर रही थीं. वह अजमेर शरीफ गई थीं और वहीं उन्हें अंदर से महसूस हुआ कि उन्हें यह कदम उठाना चाहिए. इसके बाद उन्होंने अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया. इसका शादी से कोई लेना-देना नहीं था. शायद उन्हें वहां से मानसिक ताकत मिली. अगर उन्हें इबादत से सुकून और हिम्मत मिल रही थी, तो उन्होंने धर्म बदलने का फैसला लिया. यह पूरी तरह उनका निजी फैसला था.”

दीपिका की ट्रोलिंग पर कही ये बात

जब जयति से पूछा गया कि सोशल मीडिया पर कई लोग दीपिका को ट्रोल करते हैं और मानते हैं कि उन्होंने अपने पति के धर्म के आगे खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया. इसके जवाब में जयति ने कहा कि ये पूरी तरह से गलत धारण है. एक्ट्रेस बताती हैं कि जब दीपिका को शोएब से प्यार हुआ, तब वह करियर में उनसे बेहतर स्थिति में थीं. जब दीपिका को शोएब की जरूरत थी, तब वह उनके सबसे बड़े सहारे बने और जब शोएब को दीपिका की जरूरत पड़ी, तब दीपिका उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं.आज जब दीपिका स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों से गुजर रही हैं, तब शोएब हर कदम पर उनका साथ दे रहे हैं. वहीं दीपिका ने भी शोएब के परिवार को अपना परिवार बना लिया. अगर इसे बराबरी नहीं कहेंगे, तो फिर क्या कहेंगे? सिर्फ धर्म बदल लेने का मतलब यह नहीं कि किसी ने खुद को समर्पित कर दिया.”

ये भी पढ़ें: Hera Pheri 3: प्रियदर्शन OUT, अब अहमद खान बनाएंगे अक्षय कुमार की हेरा-फेरी 3? बोले- इसे मिलकर

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More