IND vs OMA: भारतीय फुटबॉल टीम की ऐतिहासिक जीत, 31 साल में पहली बार इस टीम को हराया, नए कोच के आते ही जीता ब्रॉन्ज
भारतीय फुटबॉल टीम पहली बार CAFA Nations Cup में हिस्सा ले रही थी, जो कि नए कोच खालिद जमील का भी टीम इंडिया के साथ पहला ही टूर्नामेंट था. मगर पहले मैच से ही भारतीय टीम ने जोरदार प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट का अंत मेडल के साथ किया.
भारतीय क्रिकेट टीम लगातार मैदान पर झंडे गाड़ रही है. वहीं भारतीय हॉकी टीम भी सफलता हासिल कर रही है और हाल ही में एशिया कप का खिताब जीता है. मगर फुटबॉल के मैदान पर लगातार भारत को निराशा ही हाथ लगती रही है. पिछले कुछ सालों से अपने प्रदर्शन से फैंस को निराश करने वाली भारतीय फुटबॉल टीम ने आखिरकार एक बड़ी सफलता हासिल कर ली. नए कोच खालिद जमील के आते ही भारतीय टीम ने अपने पहले ही टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया. टीम इंडिया ने CAFA नेशंस कप 2025 में अपने से कई ऊंची रैंक वाली ओमान की टीम को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया और तीसरा स्थान हासिल किया.
ताजिकिस्तान के हिसोर सेंट्रल स्टेडियम में सोमवार 8 सितंबर को भारत और ओमान के बीच मुकाबला खेला गया. ये मैच इस CAFA नेशंस कप में तीसरे स्थान के लिए था. टीम इंडिया के लिए ये मुकाबला बड़ी चुनौती था क्योंकि ओमान के खिलाफ मुकाबलों के 31 साल के इतिहास में उसे कभी जीत नहीं मिली थी. इससे पहले दोनों टीम के बीच कुल 10 मैच खेले गए थे, जिसमें से 7 में ओमान ने जीत दर्ज की थी, जबकि 3 ड्रॉ रहे थे. इतना ही नहीं, FIFA रैंकिंग में भी ओमान (79) की टीम भारत (133) से 54 स्थान ऊपर है.
मगर कुछ ही हफ्तों पहले भारतीय टीम के नए हेड कोच नियुक्त किए गए खालिद जमील ने अपने अनुभव और रणनीतियों से ओमान जैसी मजबूत टीम को भी पस्ता करने में सफलता हासिल की. मैच के पहले हाफ में दोनों ही टीम कोई गोल नहीं कर सकी थी, जिसके बाद दूसरा हाफ अहम हो गया था. ओमान ने 55वें मिनट में पहला गोल दागकर बढ़त ले ली थी. भारतीय टीम की हार तय नजर आ रही थी लेकिन तभी 81वें मिनट में उदंता सिंह ने गोल कर स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया.
India are #CAFANationsCup2025 BRONZE MEDALISTS!



