Jaaved Jaaferi Birthday: 63 साल के हुए जावेद जाफरी, उनकी ये बातें नहीं जानते होंगे आप
Jaaved Jaaferi Birthday Special: हिंदी सिनेमा के मल्टीटैलेंटेड एक्टर जावेद जाफरी का राजनीति से भी नाता रहा है. हालांकि एक्टर को सियासत का अखाड़ा बिल्कुल भी रास नहीं आया था. उन्हें चुनाव में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से कभी ना भूलने वाली शिकस्त झेलनी पड़ी थी.
Jaaved Jaaferi Birthday: बॉलीवुड में बहुमुखी प्रतिभा के धनी माने जाने वाले कलाकार जावेद जाफरी आज 63 साल के हो चुके हैं. जावेद का जन्म दिग्गज एक्टर जगदीप के घर हुआ था. जगदीप का असली नाम सय्यद इश्तियाक अहमद जाफरी था. चाहे जावेद अपने पिता जगदीप की तरह बड़ा और खास नाम कमाने में कामयाब न हुए हों, लेकिन दर्शकों का ध्यान खींचने में वो कामयाब रहे हैं.
एक अभिनेता के साथ-साथ वो कॉमेडियन और एक बेहतरीन डांसर भी हैं. जावेद ने बॉलीवुड में सालों गुजारने के बाद राजनीति का रुख भी किया था. लेकिन, उन्हें राजनीति बिल्कुल रास नहीं आई थी. वो भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में हुंकार भर चुके हैं. लेकिन, राजनाथ सिंह ने उन्हें ऐसी पटखनी दी थी जिसे जावेद कभी नहीं भूल सकते हैं.
किस पार्टी ने दिया था जावेद जाफरी को टिकट?
जावेद जाफरी का जन्म 4 दिसंबर 1962 को मुंबई में हुआ था. जावेद के राजनीतिक करियर की बात करें तो एक्टर साल 2014 के लोकसभा चुनाव में सियासत के मैदान में उतरे थे. उन्हें लखनऊ सीट से अरविंद केजरीवाल की पार्टी ‘आम आदमी पार्टी’ (AAP) ने टिकट दिया था.
मिली थी करारी शिकस्त
जावेद जाफरी और राजनाथ सिंह का आमना-सामना जब 11 साल पहले हुआ था तो जावेद को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा था. जहां जावेद आम आदमी पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ रहे थे तो वहीं राजनाथ सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था. 2014 के आम चुनाव में जावेद को 42 हजार वोट भी नहीं मिले थे और वो पांचवें नंबर पर रहे थे. जबकि राजनाथ सिंह को शानदार जीत नसीब हुई थी. उन्होंने 2 लाख 72 हजार 749 वोट से मैदान मार लिया था.
40 साल पहले किया था बॉलीवुड डेब्यू
जावेद के बॉलीवुड करियर की बात करें तो अभिनेता ने 40 साल पहले बॉलीवुड में आगाज किया था. उन्होंने 1985 में आई फिल्म ‘मेरी जंग’ के जरिए डेब्यू किया था. पहली फिल्म में उन्होंने निगेटिव रोल प्ले किया था. हालांकि जावेद ने पहचान कॉमेडी किरदारों से बनाई. जावेद सलाम नमस्ते, ता रा रम पम, धमाल, फायर, अर्थ और 3 इडियट्स सहित कई फिल्मों का हिस्सा रहे हैं. हाल ही में उन्हें ‘दे दे प्यार दे 2’ में देखा गया था.



