FIH Junior World Cup: भारत दौरे पर नहीं आएगी पाकिस्तानी टीम, वर्ल्ड कप से नाम लिया वापस
भारत में इस साल नवंबर में जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन होना है, जिसमें पाकिस्तानी टीम को भारत के साथ एक ही ग्रुप में रखा था.
भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में चल रहे तनाव का असर लगातार खेलों पर भी पड़ रहा है. क्रिकेट के मैदान हाथ न मिलाने से लेकर ट्रॉफी न देने जैसे टकरावों के बाद हॉकी में भी इसका असर दिख रहा है. भारत में इस साल होने वाले FIH जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 से पाकिस्तान ने अपना नाम वापस ले लिया है. नवंबर-दिसंबर 2025 में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तानी टीम अब भारत दौरे पर नहीं आएगी. ये टूर्नामेंट 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगा और पूरे वर्ल्ड कप का आयोजन तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरई में किया जाएगा.
समचार एजेंसी PTI के मुताबिक, इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने शुक्रवार 24 अक्टूबर को एक बयान जारी कर पाकिस्तान के टूर्नामेंट से नाम वापस लेने का ऐलान किया. FIH की प्रेस रिलीज के मुताबिक, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने उन्हें बताया कि वो इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे और क्वालिफिकेशन के बावजूद टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले रहे हैं.
24 टीम वाले जूनियर वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को भारत के साथ ही ग्रुप बी में रखा गया था, जहां इन दोनों के अलावा ग्रुप में चिली और स्विट्जरलैंड भी हैं. हालांकि अब पाकिस्तान के नाम वापस लेने से स्थिति बदल गई है. FIH ने बताया है कि पाकिस्तान की जगह दूसरी टीम का ऐलान जल्द ही किया जाएगा.
(खबर अपडेट हो रही है)



