‘मैं बेरोजगार हूं, कुछ काम दे सकते हैं?’ जब चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी ने मांगा था डायरेक्टर से काम
स्मृति ईरानी ने फिर से 'क्योंकि सास भी बहू थी' के साथ टीवी पर वापसी की है. लेकिन ये मौका उन्हें खुद नहीं मिला. बल्कि एक्ट्रेस ने खुद डायरेक्टर से काम मांगा था. इसका खुलासा स्मृति ने खुद किया है.
Smriti Iraani: टेलीविजन पर कई सालों तक एक जाना-पहचाना चेहरा रहने के बाद राजनीति की दुनिया में कदम रखने वाली स्मृति ईरानी ने फिर से एक्टिंग की दुनिया में वापसी कर ली है. साल 2025 में उन्होंने उस किरदार में फिर वापसी की, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई थी. स्मृति ईरानी करीब दो दशक बाद एक बार फिर क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 में तुलसी विरानी के किरदार में नजर आईं. उन्होंने राजनीति पर ध्यान देने के लिए सालों पहले यह शो छोड़ दिया था. राजनीति में एक्ट्रेस काफी एक्टिव भी रहीं और मंत्री भी बनीं. लेकिन अमेठी में हार के बाद उन्होंने फिर से एक्टिंग में जाने का रुख किया.
द टाइम्स ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार के साथ बातें दिल से में बातचीत के दौरान स्मृति ईरानी ने बताया कि आखिर उन्होंने दोबारा एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम करने का फैसला क्यों किया और इतने लंबे समय बाद टीवी के सेट पर लौटने का एक्सपीरियंस कैसा रहा.
ये भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर में पहली बार होगा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, दिखाई जाएंगी 41 देशों की 135 फिल्में
स्मृति ने क्यों की टीवी पर वापसी?
स्मृति ईरानी ने बताया कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में उनकी वापसी सिर्फ इसलिए नहीं हुई क्योंकि उन्हें कोई ऑफर मिला था. बल्कि उन्होंने खुद काम की तलाश शुरू की थी और इंडस्ट्री के लोगों से संपर्क किया. उन्होंने कहा, मैंने अपना फोन उठाया और मीडिया और एंटरटेनमेंट में काम मांगा. मैंने कहा कि मैं बेरोजगार हूं, क्या आप मुझे कोई काम दे सकते हैं? जिन लोगों से उन्होंने संपर्क किया, उनमें जियोहॉटस्टार और स्टार के वाइस चेयरमैन उदय शंकर भी शामिल थे. दिलचस्प बात यह है कि जब क्योंकि सास भी कभी बहू थी खत्म हुआ था, उस समय उदय शंकर चैनल से जुड़े हुए थे. कई साल बाद जब यह शो दोबारा शुरू हुआ, तब भी वह इससे जुड़े रहे. स्मृति ने कहा, वह एक वजह थे कि एंटरटेनमेंट में मेरी नौकरी गई और बाद में वही मेरी वापसी की वजह भी बने.
स्मृति ने बताया कि उन्होंने सीधे उदय शंकर से कहा था कि उन्हें काम की जरूरत है. उन्होंने कहा, मैंने उनसे कहा, सर, मेरे पास नौकरी नहीं है. क्या आप मेरी मदद कर सकते हैं? उस वक्त उदय विदेश में थे. जब उन्होंने मेरी बात सुनी तो उन्होंने मुझसे पूछा, क्या आपको यकीन है? आप कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं और अब नौकरी मांग रही हैं? मैंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अपने प्रोफेशनल फील्ड में वापस लौटने में कोई बुराई है.
सेट पर स्मृति को देख हैरान हो गए थे लोग
उनकी टीवी पर वापसी शो के सेट पर मौजूद लोगों के लिए भी काफी हैरान करने वाली थी. कई साल तक कैबिनेट मंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता रहने के बाद उन्हें दोबारा टीवी सेट पर देखकर हर कोई हैरान था. स्मृति ने बताया, मुझे लगता है कि सेट पर हर कोई थोड़ा हैरान था. लोग सोच रहे थे कि मैं रोजाना की मजदूरी वाले काम के साथ कैसे काम करूंगी. लेकिन एक्ट्रेस का मानना था कि दोबारा शुरुआत करने में कोई बुराई नहीं है.




