2005 में जीता फेम गुरुकुल, फिर कहां गायब हो गए थे काजी तौकीर, अब बिग बॉस में हुई एंट्री

2005 में जीता फेम गुरुकुल, फिर कहां गायब हो गए थे काजी तौकीर, अब बिग बॉस में हुई एंट्री

Bigg Boss 20: फेम गुरुकुल जीतने के बाद काजी तौकीर स्टार बन गए थे. लेकिन शो जीतने के बाद वो गायब ही हो गए. अब काजी बिग बॉस में नजर आ रहे हैं. चलिए जानते हैं इतने साल काजी ने क्या किया?

Bigg Boss 20: अगर आपने 2000 के दशक के बीच में रियलिटी टीवी देखा है, तो काजी तौकीर जरुर याद होंगे. लंबे बाल, अलग स्टाइल और दमदार स्टेज प्रेजेंस की वजह से काजी फेम गुरुकुल के सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में से एक थे. साल 2005 में उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर सोनी टीवी का सिंगिंग रियलिटी शो फेम गुरुकुल जीता था. अब दो दशक से ज्यादा समय बाद काजी एक बार फिर रियलिटी शो में नजर आ रहे हैं. उन्होंने बिग बॉस 20 में एंट्री ली है, जिसे देखकर 2000 के दशक के उनके फैंस काफी एक्साइटेड हो गए हैं. इतने सालों के बाद काजी को फिर से टीवी पर देख उनके फैंस को पुराने दिन याद आ गए.

लेकिन फैंस के मन में एक सवाल जरूर आ रहा है कि आखिर इतना बड़ा शो जीतने के बाद भी वो इतने सालों तक कहां गायब रहे. अगर आपको भी जानना है कि काजी ने इतने सालों तक क्या किया और कहां रहे तो ये आर्टिकल आपके लिए है. चलिए बताते हैं काजी तौकीर की कहानी.

ये भी पढ़ें: Rajpal Yadav: राजपाल यादव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जारी किया नोटिस, सामने रखी ये शर्त

फेम गुरुकुल जीतने के बाद क्या किया?

रियलिटी शो जीतने के बाद काजी के लिए इंडस्ट्री में कई दरवाजे खुले. नवंबर 2005 में उन्होंने रूपरेखा के साथ काजी-रूपरेखा जोड़ी नंबर-1 नाम से एक एल्बम भी रिलीज किया. इस एल्बम में ये पल, करूं क्या, हीरो और मेरी महबूबा जैसे गाने शामिल थे. काजी सिर्फ सिंगर बनकर नहीं रहना चाहते थे. उनकी दिलचस्पी एक्टिंग में भी थी और वह फिल्मों में काम करने का सपना देखते थे. साल 2024 में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि फेम गुरुकुल खत्म होने के तुरंत बाद ही उन्हें एक्टिंग के ऑफर मिलने लगे थे.काजी ने बताया था कि शो खत्म होने के बाद उन्हें एक साथ कई मौके मिल रहे थे और वह खुद को एक मुश्किल स्थिति में फंसा हुआ महसूस कर रहे थे. उस वक्त कॉन्ट्रैक्ट और मीडिया में चल रही खबरों को लेकर भी काफी उलझन थी. उन्होंने बताया कि पिया नाम की एक फिल्म में उन्हें काम करने का मौका मिला था. इस फिल्म को अहमद खान और बॉबी खान बना रहे थे. जबकि स्नेहा उल्लाल फिल्म की लीड एक्ट्रेस थीं. काजी के मुताबिक, उन्हें फिल्म के लिए साइन किया जाना था, लेकिन बाद में यह फिल्म बन ही नहीं पाई.

एकता कपूर ने भी दिया था ऑफर

काजी उस समय सिर्फ 19 साल के थे. लेकिन उन्हें इंडस्ट्री के बड़े नामों से काम के ऑफर मिलने लगे थे. उन्होंने बताया कि एकता कपूर ने भी उनसे संपर्क किया था और उन्हें एक स्क्रिप्ट सुनाई थी. वहीं, सोनी टीवी उन्हें पॉपुलर शो कैसा ये प्यार है में रॉकस्टार के तौर पर लॉन्च करना चाहता था. एक साथ कई ऑफर मिलने के कारण काजी के लिए फैसला लेना आसान नहीं था. वह उस समय मुंबई में नए थे और उन्हें इंडस्ट्री के काम करने के तरीके और प्रोफेशनल डीलिंग की ज्यादा जानकारी नहीं थी. बाद में इस पूरे मामले को लेकर मीडिया में खबरें भी आईं. काजी ने बताया कि वह सिर्फ 19 साल के थे और उन्हें समझ नहीं आया कि इस स्थिति को कैसे संभालें या अपनी बात कैसे सामने रखें.

उन्होंने बताया था कि इतनी कम उम्र और अनुभव की कमी के कारण वह एकता कपूर के सामने उन्हें मना नहीं कर पाए. बाद में मीडिया में खबरें आईं कि काजी ने एकता कपूर को धोखा दे दिया. काजी ने कहा था कि उन्हें तो यह तक पता नहीं था कि वह साइन हो चुके हैं.

राजपाल यादव के साथ भी की फिल्म

काजी ने बताया कि इसके बाद वह करीब दो से तीन साल तक लाइमलाइट से दूर रहे. इस दौरान भी उन्हें कई ऑफर मिलते रहे. उन्हें टेक ऑफ नाम की एक फिल्म में काम करने का मौका मिला, जिसमें राजपाल यादव भी थे. फिल्म की शूटिंग कुछ दिनों तक हुई, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट भी बंद हो गया.

अफगान जलेबी से फिर मिली पहचान

कई साल बाद काजी की बॉलीवुड म्यूजिक स्पेस में फिर झलक देखने को मिली. साल 2015 में फिल्म फैंटम के गाने अफगान जलेबी के वीडियो में वह नजर आए थे. इस गाने में कैटरीना कैफ भी थीं. सिद्धार्थ कन्नन से बातचीत में काजी ने बताया था कि गाने में नजर आने के बावजूद उन्हें वीडियो के डिस्क्रिप्शन में क्रेडिट नहीं दिया गया था. हालांकि, उनके लिए सबसे खास बात यह थी कि हजारों लोगों ने कमेंट में उनका नाम लिखा. काजी ने इसे इस बात का सबूत माना कि इतने साल बाद भी उनके फैंस उन्हें भूले नहीं थे. इसके बाद वह किसी बड़े प्रोजेक्ट में नजर नहीं आए, लेकिन यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते रहे.

सीरियस प्रोजेक्ट पर कर रहे थे काम

साल 2018 में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में काजी ने बताया था कि वह एक सीरियस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा था कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इसी वजह से वह दूसरे ऑफर्स को ठुकरा रहे हैं. करीब दो साल पहले उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने कश्मीर पर एक स्क्रिप्ट लिखी है और वह इसे बनाने की योजना बना रहे हैं.

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More