हरभजन सिंह की होगी BCCI में एंट्री! इलेक्शन से पहले स्टार स्पिनर को मिली खास जिम्मेदारी

हरभजन सिंह की होगी BCCI में एंट्री! इलेक्शन से पहले स्टार स्पिनर को मिली खास जिम्मेदारी

28 सितंबर को मुंबई में BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) का आयोजन होगा, जिसमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत नए पदाधिकारियों का इलेक्शन सबसे अहम मुद्दा होगा. हरभजन सिंह भी इस AGM में हिस्सा लेंगे.

भारतीय क्रिकेट का अगला बॉस कौन होगा, इसको लेकर हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है. हाल ही के वक्त में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष रहे रॉजर बिन्नी का कार्यकाल खत्म हो चुका है और उनकी जगह फिलहाल उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला अंतरिम तौर पर अध्यक्ष हैं. सितंबर के अंत में ही BCCI में इलेक्शन होना है और उसमें कुछ पूर्व दिग्गजों के नाम भी सामने आए हैं. इन सबके बीच टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह के भी BCCI में एंट्री करने की अटकलें लगाई जा रही हैं और इसकी वजह है उनको मिली खास जिम्मेदारी. एक रिपोर्ट के मुताबिक, हरभजन को BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) के लिए पंजाब क्रिकेट संघ ने अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है.

28 सितंबर को मुंबई में BCCI हेडक्वार्टर में बोर्ड की AGM का आयोजन होगा. हर साल बोर्ड की AGM होती है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होती है. मगर इस बार की मीटिंग का सबसे बड़ा एजेंडा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष समेत नए पदाधिकारियों का चुनाव है. बोर्ड ने पहले ही तय कर लिया है कि 28 सितंबर की बैठक में ही अधिकारियों के लिए चुनाव होगा. इस बैठक में BCCI से जुड़े सभी स्टेट एसोसिएशन हिस्सा लेते हैं, जिसके आधार पर ही निर्विरोध या एक से ज्यादा उम्मीदवार होने की स्थिति में वोटिंग के आधार पर चुनाव होता है. सभी एसोसिएशन वोटिंग में हिस्सा लेते हैं.

हरभजन होंगे BCCI में पद के दावेदार?

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी AGM में पंजाब की ओर से प्रतिनिधि के रूप में दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह हिस्सा लेंगे. इस AGM के दौरान ही नए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सेक्रेटरी, जॉइंट सेक्रेटरी और ट्रेजरर (कोषाध्यक्ष) के लिए चुनाव होगा. ऐसे में नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या सभी स्टेट एसोसिएशन किसी नामी पूर्व क्रिकेटर को ही निर्विरोध रूप से चुनने का फैसला लेती है या इलेक्शन के जरिए पदाधिकारियों को चुना जाता है. ऐसे में हरभजन सिंह इनमें से किसी एक पद के दावेदार हो सकते हैं.

गांगुली-बिन्नी की राह पर चलेंगे हरभजन?

अगर हरभजन सिंह किसी एक पद के लिए चुने जाते हैं तो ये लगातार तीसरा मौका होगा, जब कोई पूर्व क्रिकेटर BCCI में अहम जिम्मेदारी संभालेगा. इससे पहले 2019 में पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने अध्यक्ष का पद संभाला था. वो BCCI अध्यक्ष बनने वाले पहले क्रिकेटर थे. उनके तुरंत बाद ये जिम्मेदारी 1983 के वर्ल्ड कप विजेता दिग्गज ऑलराउंडर रॉजर बिन्नी को मिली थी. हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि BCCI इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अगले अध्यक्ष के रूप में भी किसी मशहूर पूर्व क्रिकेटर को चुनना चाहती है. इसमें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम की भी चर्चा आई थी लेकिन ये सिर्फ अफवाह साबित हुई.