Bigg Boss 20 के घर में पहले दिन ही क्यों हुआ बवाल? ईशा रिखी-मैरी कॉम ने बंद की माही विज की बोलती
'बिग बॉस 20' के पहले ही दिन माही विज के 'बॉसी' अंदाज ने घर में बवाल खड़ा कर दिया. तलाक के मुद्दे पर बार-बार सवाल दागने को लेकर ईशा रिखी और बॉक्सर मैरी कॉम ने माही की बोलती बंद कर दी.
Bigg Boss 20 Highlights: ‘बिग बॉस 20’ में विवादों का सिलसिला भी शुरू हो गया है. पहले ही दिन जिस कंटेस्टेंट के तेवर ने पूरे घर का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया, वो हैं टीवी एक्ट्रेस माही विज. अपने सीनियर्स वाले मिजाज और बात-बात पर दूसरों पर हुक्म चलाने के रवैये के चलते माही पहले दिन से ही बाकी घरवालों के निशाने पर आ गई हैं. सामान रखवाने की जिद से शुरू हुआ झगड़ा तब और बड़ा हो गया जब उन्होंने कंटेस्टेंट्स की बेहद निजी जिंदगी यानी उनके तलाक पर सवाल दागने शुरू कर दिए.
घर में कदम रखते ही जैसे ही सबका सामान अंदर आया, माही ने सीधे अमन गांधी को आदेश दिया कि उनका सामान सही जगह पर उठाकर रखें. इस पर जब अमन ने शालीनता से कहा कि कम से कम ‘प्लीज’ तो बोल दीजिए, तो माही भड़क गईं और देखते ही देखते छोटी सी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. अगली सुबह भी माहौल शांत नहीं रहा. माही ने ईशा रिखी, लव गिल और अरिश्फा खान को सीधे अपने लिए चाय बनाने का हुक्म सुना दिया. लव और ईशा ने तो तुरंत उनके इस अंदाज पर हाथ खड़े कर दिए और साफ मना कर दिया, लेकिन अरिश्फा ने माही के लगातार नए-नए ऑर्डर्स के बीच आखिरकार उन्हें चाय बनाकर दे दी.
‘डिवोर्सी स्पेशल’ बोलकर ईशा को घेरा
विवाद की असली शुरुआत तब हुई जब माही विज और ईशा रिखी कमरे में एक साथ बैठी थीं. ईशा ने एक सामान्य बातचीत शुरू करने के इरादे से पूछा कि उन्हें किस तरह की बातें करना पसंद है. इस पर माही ने कहा, “मुझे बताओ कि बाहर किसका क्या अफेयर चल रहा है. घर में तीन डिवोर्सी आई हैं तुम, मैं और वो बॉक्सर (मैरी कॉम). सेकंड इनिंग्स तो हमारी चल रही है यहां. डिवोर्सी स्पेशल. शो में आने से पहले तुमने क्या सोचा था?”
ईशा ने तुरंत माही को टोकते हुए कहा कि लोग उन्हें निजी तौर पर ज्यादा नहीं जानते क्योंकि वो हमेशा एक प्राइवेट लाइफ जीती आई हैं. ईशा ने साफ कहा, “मैं नहीं चाहती कि लोग मुझे किसी की बीवी या गर्लफ्रेंड के तौर पर जानें. मैं चाहती हूं कि लोग मुझे सिर्फ ईशा के नाम से पहचानें और इसलिए मैं इस शो में आई हूं.” हालांकि माही यहीं नहीं रुकीं और बोलीं कि तुम तो सोशल मीडिया पर हर जगह वायरल हो चुकी हो.
मैरी कॉम के सामने भी कुरेदा जख्म
अगले दिन लिविंग एरिया में जब सभी बैठे थे, तो ओलंपिक चैंपियन मैरी कॉम अपनी बॉक्सिंग की तकनीक और अपने कड़े अनुशासन पर बात कर रही थीं. इसी बीच माही ने फिर से दखल देते हुए तंज कस दिया कि तुम्हारे पति तो तुमसे बहुत डरते होंगे? मैरी कॉम ने बेहद संयम बरतते हुए कहा कि प्लीज इस टॉपिक को छोड़ दो, मुझे इस बारे में बात करना बिल्कुल पसंद नहीं है. लेकिन माही फिर भी पीछे हटने को तैयार नहीं हुईं और जख्म कुरेदते हुए बोलीं, “हम बात क्यों नहीं कर सकते? अपने एक्स के बारे में बात करने के लिए कुछ अच्छी यादें भी तो हो सकती हैं.
ईशा और मैरी कॉम ने मिलकर बंद की बोलती
उसके बाद ईशा रिखी बीच में आईं और उन्होंने माही को आईना दिखाते हुए कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हर किसी के पास अपने एक्स के बारे में बोलने के लिए अच्छी बातें ही हों. हो सकता है तुम्हारे पास अच्छी यादें हों, लेकिन सबके साथ ऐसा नहीं होता. जब माही ने फिर भी बहस जारी रखते हुए कहा कि ‘तलाक कोई बुरी बात तो नहीं है’, तो मैरी कॉम और ईशा दोनों ने कड़े शब्दों में उन्हें दूसरों के निजी मामलों में टांग अड़ाने से मना कर दिया. मैरी कॉम ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि उनकी अपनी अच्छी-बुरी यादें रही हैं, चीजें बहुत पेचीदा थीं और कई तरह के आरोप भी लगे थे. मैरी ने कहा कि वो अब शांति से इन सब से बाहर निकल चुकी हैं और शो में सिर्फ सुकून से रहकर गेम का मजा लेना चाहती हैं, न कि अपने पुराने अतीत का तमाशा बनाना.
ये भी पढ़ें-
AI और डिजिटल दौर में हनुमान अंश का चमत्कार, फिल्म की कामयाबी के पीछे की साइंस क्या?
सलमान खान के बिग बॉस 20 में कितना दम? जानिए 5 ताकत और पांच कमजोरियां
मैरी कॉम और ईशा के इस सख्त और दो-टूक रुख को देखकर आखिरकार माही विज को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने इस मुद्दे को वहीं दबाने में ही अपनी भलाई समझी. अब देखना यह है कि पहले ही दिन ‘बिग बॉस’ के घर में हंगामा करने वाली माही का यह रवैया उन्हें घर में अकेला करता है या फिर वो अपनी गलतियों से सबक सीखती हैं.




