20 चौके-छक्के, 210 का स्ट्राइक रेट… 38 साल के बल्लेबाज ने जड़ा तूफानी शतक, नाराज होकर लिया था संन्यास
कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के चौथे मैच में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के एक बल्लेबाज ने शतक जड़ा. 38 साल के एक खिलाड़ी ने सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स के खिलाफ तूफानी पारी खेली और एक खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली.
कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के चौथे मैच में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स का सामना सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स की टीम से हुआ. इस मुकाबले में 38 साल के एक बल्लेबाज ने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए तूफानी पारी खेलते हुए शतक जड़ा. इसी के साथ इस खिलाड़ी ने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 की पहली सेंचुरी जड़ने का कारनामा भी किया. सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स का हर एक गेंदबाज इस बल्लेबाज के आगे बेबस नजर आया.
38 साल के बल्लेबाज ने जड़ा तूफानी शतक
इस मुकाबले में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के अनुभवी बल्लेबाज कॉलिन मुनरो ने एक ऐसी पारी खेली, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया. 38 साल के कॉलिन मुनरो ने सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स के खिलाफ 57 गेंदों में 120 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 6 छक्के शामिल थे. उन्होंने ये रन 210.52 की स्ट्राइक रेट से बनाए. कॉलिन मुनरो ने अपनी इस पारी के दौरान 100 रन का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 48 गेंदें लीं. मुनरो की इस पारी के चलते नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाने में कामयाब रही.
सेंट किट्स एंड नेविस पेट्रियट्स के वॉर्नर पार्क में खेले गए इस मैच में मुनरो ने अपनी पुरानी शैली में बल्लेबाजी की. उन्होंने पारी की शुरुआत से ही पेट्रियट्स के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और महज 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. खास बात ये रही कि उन्होंने पावरप्ले में ही 50 रन का आंकड़ा छू लिया और फिर अपनी इस रफ्तार को जारी रखा. कॉलिन मुनरो ने शतक जड़ने के साथ एक खास लिस्ट में भी एंट्री कर ली. वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में शतक लगाने वाले 5वें सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं.
नाराज होकर लिया था संन्यास
बता दें, न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो ने साल 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था. मुनरो ने T20 वर्ल्ड कप 2024 की टीम में जगह नहीं मिलने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. हालांकि, वह 4 साल से टीम का हिस्सा भी नहीं थे. उन्होंने अपना आखिरी मैच साल 2020 में खेला था. 65 T20 इंटरनेशन, 57 वनडे और 1 टेस्ट मैच समेत न्यूजीलैंड के लिए कुल 123 मैच खेलकर मुनरो ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 3010 रन बनाए हैं और 7 विकेट लिए हैं.



