Manish Malhotra: फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मां का निधन, 94 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Manish Malhotra: फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मां का निधन, 94 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

देश के मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मां गरिमा मल्होत्रा का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है. कहा जा रहा है कि वो पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं.

Manish Malhotra Mother Death: बॉलीवुड के दिग्गज फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मनीष की मां, गरिमा मल्होत्रा का गुरुवार को 94 साल की आयु में निधन हो गया है. वो पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं. मनीष मल्होत्रा अपनी मां के बेहद करीब थे और उन्हें अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय देते थे. मनीष मल्होत्रा की टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की है.

बयान में कहा गया है, “एक खूबसूरत इंसान के आभार के लिए, जिसने अपनी जिंदगी बहुत खूबसूरती से जी, हम अपनी प्रिय मां श्रीमती गरिमा मल्होत्रा के शांतिपूर्ण निधन की खबर साझा कर रहे हैं. 94 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली. एक लंबे और खुशहाल सफर के बाद, वह वो पीछे ढेर सारी यादें और प्यार छोड़ गई हैं.” जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार कल यानी 20 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे सांताक्रूज (वेस्ट), मुंबई स्थित हिंदू श्मशान घाट में किया जाएगा.

सितारों का लगा तांता

मां के निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड हस्तियां मनीष मल्होत्रा के घर पहुंच रही हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक्ट्रेस करिश्मा कपूर और फिल्म मेकर जोया अख्तर को मनीष के घर जाते देखा गया है. दुख की इस घड़ी में पूरा फिल्म जगत मनीष के साथ खड़ा नजर आ रहा है.

मनीष के लिए ‘प्रेरणा’ थीं मां

मनीष मल्होत्रा अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी मां के साथ तस्वीरें शेयर करते थे. उन्होंने कई इंटरव्यू में बताया था कि, जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब उनकी मां ही थीं, जिन्होंने उनके कपड़ों और सिनेमा के प्रति लगाव को समझा और बढ़ावा दिया. पिछले मदर्स डे पर मनीष ने उन्हें अपनी “ताकत, प्रेरणा और साथी” बताया था. मनीष अक्सर कहते थे कि उनकी मां का अटूट विश्वास ही उनकी सफलता की नींव है.