मैं कामयाबी से थक गया था…घर पर लगी रहती थी फिल्ममेकर्स की लाइन, गोविंदा बोले- मैं चाहता था ये कम हो जाए
गोविंदा ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान इस बारे में भी खुलकर बात की है कि एक टाइम पर फिल्ममेकर्स, निर्देशकों की लाइन रहती थी, लेकिन समय के साथ कम हो गई. जान लेते हैं डिटेल में उन्होंने क्या कहा.
गोविंदा एक ऐसे एक्टर रहे हैं जो 90’s में हर यंग लड़के-लड़की के पसंदीदा थे. उनके डांस मूव्स तो आज तक कॉपी किए जाते हैं. उस टाइम पर वो इंडस्ट्री के सबसे सफल अभिनेताओं में से एक थे, लेकिन धीरे-धीरे उनको फिल्में मिलना बंद हो गईं. फिलहाल इस वक्त गोविंदा अपनी आगामी दो फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं. इसमें वो बतौर प्रोड्यूसर कमान संभाल रहे हैं. उन्होंने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर कई बातें बताई हैं और पीक करियर के बाद अपनी सफलता के गिरते ग्राफ को लेकर भी बात की है.
गोविंदा अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही पर्सनल लाइफ को लेकर भी खूब चर्चा में रहे हैं. फिर चाहे वो अचानक से उन्हें फिल्में मिलना बंद हो जाना रहा हो या फिर फैमिली लाइफ से जुड़ी अफवाहें. गोविंदा ने अपनी फ्लॉप होती फिल्मों और सक्सेस के कम होते जाने को लेकर बताया कि कैसे वो खुद चाहते थे कि ये लाइन कम हो जाए.
पॉडकास्ट में कई मुद्दों पर बात
एक्टर गोविंदा ने न्यूज एजेंसी एएनआई के पॉडकास्ट में अपनी लाइफ से जुड़ी कई अनकही बातों का खुलासा भी किया है. जब उनसे सवाल किया गया कि आपकी फिल्में जब फ्लॉप होने लगी और वो जो डायरेक्टर्स लाइन लगाकर इंतजार करते थे कि गोविंदा हमारी पिक्चरें साइन करेंगे और वो वो सारी लाइन खत्म हो गई, वो लोग वो प्रोड्यूसर आने बंद हो गए. वो सक्सेस जो आपने देखा था वो कम होता गया, तब आपको चोट नहीं लगी थी.
मैं कामयाबी से थक गया था…
गोविंदा ने सवाल का जवाब देते हुए कहा, “आप मुझे ऐसी जगह दिखा रही हो, जिस कामयाबी से मैं इतना थक गया था, कि मुझे लगा कि मैं मारा तो नहीं जाऊंगा कहीं, इतना थक के, कई बार हॉस्पिटलाइज्ड हो गया. मैं तो चाह रहा था कि वो लाइन कम हो जाए. वो कम हो गई, मुझपर थोप दी गई. समय की धारा ने. जैसे ही वो कम हो गई, तो मैंने कहा अभी तो मैं क्लीन काम करूंगा.”
गोविंदा की आने वाली फिल्में
एक्टर गोविंदा ने कुछ दिनों पहले अपनी फिल्मों का टाइटल पोस्टर जारी किया था. लंबे समय के अंतराल के बाद वो प्रोड्यूसर के तौर पर ‘रूपा (Roopa)’ और ‘दुनियादारी’ (Duniyadari) लेकर आ रहे हैं. एक्टर ने बताया था कि उनकी ये फिल्में खासतौर पर युवाओं की सोच और उनकी लाइफस्टाइल पर बेस्ड होंगी.
कई नए कलाकार आएंगे नजर
फिल्म में कई नए कलाकार भी नजर ने वाले हैं. फिल्म की हीरोइन रानी स्वर्णकार होंगी. टाइटल पोस्टर के इवेंट में ही गोविंदा ने उनसे इंट्रोड्यूस करवाया था. उन्होंने कहा था कि वो जल्दी ही पूरी स्टार कास्ट का ऐलान भी करेंगे. इसमें महाराष्ट्र और यूपी के कई नए चेहरे दिखाई देंगे.
ये भी पढ़ें: वाइजैग में खुला अल्लू अर्जुन का AAA सिनेमा, क्या होगा खास? जानिए




