Kaun Banega Crorepati 18: केबीसी में अमिताभ बच्चन ने बताया अपना अधूरा सपना, बोले- ‘आज भी अफसोस है…’
Kaun Banega Crorepati 18: कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन ने अपने अधूरे सपने का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि आज भी उन्हें अपना ये सपना न पूरे होने का अफसोस है.
Kaun Banega Crorepati 18: कौन बनेगा करोड़पति 18 को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है. शो में जहां कंटेस्टेंट्स अपने सपनों के बारे में बताते हैं. वहीं, शो के होस्ट और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी अपने कई राज खोलते नजर आते हैं. इस बार बिग बी ने अपनी जिंदगी से जुड़े एक ऐसे अधूरे शौक के बारे में बात की, जिसे लेकर उन्हें आज भी अफसोस है. 84 साल के अमिताभ बच्चन ने बताया कि वह हमेशा से संगीत सीखना चाहते थे, लेकिन कभी इसे सीख नहीं पाए. उनकी यह बात सुनकर दर्शकों को उनके व्यक्तित्व का एक अलग और निजी पहलू देखने को मिला है.
यह बातचीत तब हुई जब शो के कंटेस्टेंट और कंटेंट क्रिएटर कृतज्ञ नय्यर ने अमिताभ बच्चन से This or That नाम का एक मजेदार गेम खेलने की रिक्वेस्ट की. इस गेम के दौरान ही बिग बी ने अपने इस अधूरे सपने का जिक्र किया और बताया कि आज भी वो कैसे संगीत न सिख पाने को लेकर अफसोस करते हैं.
ये भी पढ़ें: Ayesha Khan: अल्लेप्पी में आयशा खान ने मनाया ओणम का त्योहार, साउथ इंडियन लुक ने जीता दिल
संगीत न सीख पाने का बिग बी को अफसोस
इसी बातचीत के दौरान कृतज्ञ ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि वह अपनी जिंदगी के किसी पुराने दिन को दोबारा जीना पसंद करेंगे या फिर ऐसा दिन देखना चाहेंगे, जिसे उन्होंने कभी जिया नहीं लेकिन हमेशा से जीने की इच्छा रही है. इस पर बिग बी ने कहा कि उनकी जिंदगी में इतने सारे किस्से और घटनाएं हुई हैं कि यह तय करना मुश्किल है कि वह कौन सा दिन दोबारा जीना चाहेंगे.
इसके बाद अमिताभ बच्चन ने अपने उस अधूरे शौक का खुलासा किया, जिसे लेकर उन्हें आज भी अफसोस है. उन्होंने बताया कि वह संगीत सीखना चाहते थे, लेकिन ऐसा कभी नहीं हो पाया. अमिताभ ने कहा कि जब वह लोगों को सितार जैसे वाद्य यंत्र बजाते या खूबसूरती से गाते हुए देखते-सुनते हैं तो उन्हें लगता है कि काश उन्होंने भी संगीत सीखा होता.
अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनके घर में संगीत सीखने के लिए जरूरी कई वाद्य यंत्र भी रखे हुए हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन वाद्य यंत्रों पर फूलों की माला भी चढ़ी हुई है, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि एक दिन वह संगीत सीखेंगे. लेकिन अब 84 साल की उम्र हो चुकी है और वह अभी तक संगीत नहीं सीख पाए हैं. इस बात का उन्हें काफी दुख है.
बता दें कि, कौन बनेगा करोड़पति 18 का प्रसारण हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होता है.




