सतना के नागौद राजघराने में खूनी संघर्ष: परसमनिया गढ़ी में BJP विधायक की बहू को मारी गई गोली, आरोपी महिला अरेस्ट

सतना के नागौद राजघराने में खूनी संघर्ष: परसमनिया गढ़ी में BJP विधायक की बहू को मारी गई गोली, आरोपी महिला अरेस्ट

मध्य प्रदेश के सतना की घटना है. बीजेपी विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह को पेट में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें रीवा रेफर किया गया. पुलिस ने आरोपी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Satna Yogita Singh Shot: मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में सनसनीखेज घटना सामने आई है. पूर्व मंत्री और वर्तमान बीजेपी विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह को गोली मार दी गई. योगिता सिंह को पेट में गोली लगी है. गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में तत्काल सतना के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया गया.

रीवा के विंध्य अस्पताल में देर रात डॉक्टरों की टीम ने उनका ऑपरेशन किया और पेट में फंसी गोली को सफलतापूर्वक निकाल दिया. हालांकि ऑपरेशन के बाद भी उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि गढ़ी में मौजूद सुनीता सिंह पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है. बताया जा रहा है कि सुनीता के बाबा राजा से नजदीकी संबंध थे.

पुलिस ने आरोपी महिला को किया अरेस्ट

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए परसमनिया गढ़ी और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

इस हाई-प्रोफाइल गोलीकांड के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

क्या बोले नागौद के एसडीओपी?

नागौद के एसडीओपी रघु केशरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं घायल योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

शुभम गुप्ता
शुभम गुप्ता

शुभम गुप्ता को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक से अधिक का अनुभव है. शुभम ने आरजीपीवी यूनिवर्सिटी से IT में इंजीनियरिंग की. इसके बाद ITMI से ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म सर्टिफिकेशन प्राप्त किया. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दिल्ली में “आज तक” से बतौर संवाददाता की, जहां आदर्श ग्राम योजना, नोटबंदी और मुद्रा योजना जैसी कई अहम रिपोर्ट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. दिल्ली में लगभग पांच साल काम करने के बाद शुभम ने अपने गृहप्रदेश मध्यप्रदेश का रुख किया और न्यूज़ नेशन से जुड़े. यहां उनकी कई खबरों ने व्यापक असर डाला, जैसे कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा घोटाले को उजागर करने के बाद सरकार को परीक्षा रद्द करनी पड़ी. साल 2020 में मध्यप्रदेश की राजनीति के ऐतिहासिक घटनाक्रम, कमलनाथ सरकार के पतन, को उन्होंने बेहद बारीकी से कवर किया. कोरोना काल में उन्होंने जान जोखिम में डालकर व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया, जिसके बाद सरकार को कई महत्वपूर्ण फैसले लेने पड़े. साल 2023 में शुभम गुप्ता नई भूमिका में TV9 भारतवर्ष के एमपी-सीजी ब्यूरो प्रमुख बने. यहां भी उन्होंने कई बड़े घोटाले उजागर किए, जैसे- बर्तन घोटाला, सर्पदंश घोटाला, धान घोटाला और डामर घोटाला. उनकी रिपोर्टिंग के बाद मुफ्त शव वाहन योजना को तत्काल प्रभाव से शुरू करना पड़ा. मुख्यमंत्री ने महज़ 9 घंटे में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Read More