Pawan Singh: हीरो से बने शेफ! पवन सिंह ने बिहारी स्टाइल में बनाया चिकन, वीडियो देख भड़के लोग
Pawan Singh: भोजपुरी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' के नए प्रोमो में पवन सिंह का देसी अंदाज देखने को मिला. वीडियो में वो देसी मुर्गा मंगवाकर बिहारी स्टाइल चिकन बनाते और उसका खास तरीका बताते नजर आए. शो का ये लेटेस्ट प्रोमो काफी वायरल हो रहा है, जिसपर कुछ लोगों ने नाराजगी भी जाहिर की.
Pawan Singh Bhojpuri Bawal: भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों से सजा नया रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ 2 अगस्त से टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर शुरू हो गया है. शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं. शो ऑन एयर होने से पहले ही इसके प्रोमो सोशल मीडिया पर चर्चा में बने हुए हैं. इसके लेटेस्ट प्रोमो ने तब सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया, जब लोगों ने पवन सिंह को चिकन बनाते हुए देखा.
हाल ही में जारी एक प्रोमो में भोजपुरी स्टार पवन सिंह का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिला. वीडियो में वो अपने साथियों से कहते हैं कि उनका चिकन खाने का मन कर रहा है. इसके बाद वो मजाकिया अंदाज में गांव से देसी मुर्गा पकड़कर लाने की बात कहते हैं. इस दौरान वो खुद किचन में प्याज और हरी मिर्च काटते भी दिखाई देते हैं.
पवन सिंह ने बनाया चिकन
प्रोमो में पवन सिंह हंसते हुए कहते हैं कि कभी-कभी मन करता है कि चिकन नहीं खाना चाहिए, लेकिन अगर बिल्कुल ही छोड़ दिया जाए तो उनकी संख्या इतनी बढ़ जाएगी कि इंसानों को ही खाने लगेंगे. उनकी इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगते हैं. इसके बाद वो अपने साथियों को गांव जाकर देसी मुर्गा पकड़कर लाने की जिम्मेदारी सौंप देते हैं. इसी दौरान पवन सिंह के भाई ऋतिक सिंह भी मजेदार अंदाज में कहते हैं कि उनके भइया को चलने वाला नहीं, बल्कि उड़ने वाला देसी मुर्गा ज्यादा पसंद है. इसके बाद प्रोमो में सभी लोग मुर्गा पकड़ने की कोशिश करते दिखाई देते हैं, जिससे वीडियो में हल्का-फुल्का कॉमेडी का तड़का भी देखने को मिलता है.
यह भी पढ़ें – पवन सिंह के कार्यक्रम में अचानक बजा खेसारी लाल यादव का गाना, गुस्से से लाल हुए पावर स्टार
बचपन की यादें हुईं ताजा
किचन में पहुंचने के बाद पवन सिंह बिहारी स्टाइल चिकन बनाने का अपना तरीका भी बताते हैं. वो कहते हैं कि उत्तर प्रदेश और बिहार में बनने वाले चिकन या मटन में टमाटर नहीं डाला जाता. उनका कहना है कि असली देसी स्वाद मसालों और दूसरे पारंपरिक तरीकों से आता है. इस दौरान वो खुद सब्जियां काटते और खाना तैयार करते नजर आते हैं. प्रोमो में पवन सिंह अपने बचपन की यादें भी शेयर करते हैं. वो बताते हैं कि बचपन में जब दोस्त मिलकर अंताक्षरी खेलते थे और गाना ‘म’ अक्षर पर खत्म होता था, तब वे अक्सर ‘मैंने तुम्हीं से प्यार किया है’ गाना गाया करते थे.
लोगों ने दिए ऐसे रिएक्शंस
हालांकि, सावन के महीने में चिकन बनाने वाला ये प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी छिड़ गई. कुछ लोगों ने इसे सिर्फ मनोरंजन के नजरिए से देखा, जबकि कई यूजर्स ने इस पर सवाल भी उठाए. एक यूजर ने लिखा, “इंसानों की भी संख्या बढ़ गई है, इन्हें भी खाना शुरू कर दीजिए. ” वहीं, दूसरे यूजर ने सिर्फ “सावन में चिकन?” लिखकर अपनी नाराजगी जताई. एक यूजर ने कमेंट किया कि चुनाव के समय सनातन की बात करने वाले अब सावन में चिकन बनाते नजर आ रहे हैं.
फिलहाल, शो शुरू होने के साथ ही इसके प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को भोजपुरी सितारों की मस्ती, नोकझोंक और अनदेखे अंदाज देखने को मिलेंगे.




