दिल्ली-NCR में देर रात फिर बदला मौसम, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, हवाओं ने बढ़ाई ठंड
चक्रवात 'अर्नब' की वजह से दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने आज भी बारिश की चेतावनी जारी की है. यहां कुछ जगहों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है.
Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोन ‘अर्नब’ के असर से दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. गुरुवार सुबह से शुरू हुआ बारिश और तेज हवाओं का दौर देर रात तक जारी है, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में अचानक ठंड बढ़ गई है. करवा चौथ की शाम को छाए घने बादलों की वजह से व्रती महिलाओं को चांद देखने के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ा.
तापमान में भारी गिरावट
लगातार हुई बारिश और 30 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. यह पिछले 24 घंटे के मुकाबले 6.4 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
#WATCH | Delhi: Rain lashes parts of the city.
Visuals from Lajpat Nagar https://t.co/VtFTbdHZYo
— ANI (@ANI) October 29, 2026
क्यों बदला मौसम?
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान से उत्तर भारत तक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व पश्चिमी यूपी के ऊपर बने चक्रवाती सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) के कारण मौसम में यह बदलाव आया है. इसके प्रभाव से दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज (शुक्रवार) भी सुबह से दोपहर तक दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है.
UP में 8 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक, 30-31 अक्टूबर को राज्य के अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आ सकती है. लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, सुल्तानपुर और अमेठी समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है. इसके बाद बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी.
राजस्थान में भारी बारिश का अनुमान
नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और चक्रवात के चलते मौसम बदला है. जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. अगले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
हिमाचल प्रदेश में बिजली गिरने का येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है. जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है.
झारखंड और पश्चिम बंगाल: भारी बारिश के चलते स्कूल बंद
चक्रवात के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में भारी वर्षा हुई है. पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में सबसे ज्यादा 71.4 मिमी, मझारी में 64 मिमी और चाईबासा में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई. खराब मौसम के मद्देनजर रांची, सिमडेगा और दोनों सिंहभूम जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रखे गए. पश्चिम बंगाल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है.
ओडिशा में बाढ़ की चपेट में 300 गांव
आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद चक्रवात ‘अर्नब’ हालांकि कमजोर होकर निम्न दबाव में बदल गया है, लेकिन इसके असर से ओडिशा के गंजाम जिले के करीब 300 गांव बाढ़ की चपेट में हैं. भारतीय तटरक्षक बल फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है. राहत और बचाव कार्य के लिए आपदा प्रबंधन एजेंसियों की 79 टीमें तैनात की गई हैं. मौसम विभाग ने देश के प्रभावित हिस्सों में लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.



